आगरा में अपराध तेजी के साथ बढ़ रहा है और पुलिस उनके आगे पूरी तरह पस्त नज़र आ रही है। आगरा शहर में 24 घंटे के अंदर 3 बड़ी आपराधिक वारदातें हो चुकी है। कल दिन में थाने के बाहर एक वकील पर जानलेवा हमला हुआ और रात में atm में घुसकर युवक की हत्या कर दी गयी तो वहीं गुरुवार को चेकिंग के दौरान बदमाशों ने सिपाही को गोली मारने की सनसनी खेज वारदात को अंजाम दे दिया। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी होते ही क्षेत्रीय पुलिस भी मौके पर पहुँच गयी। क्षेत्रीय लोगों की मदद से घायल सिपाही को निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया।
प्रत्यक्षदर्शी दुकानदार ने बताया कि दो व्यक्ति दुकान पर बैठे हुए थे तभी सिपाही नावेद आये और बाइक सवार दोनो संदिग्ध युवकों की तलाशी लेने चाही। जिस पर विवाद हुआ और आरोपी युवकों ने सिपाही को गोली मार दी और फरार हो गए।
सिपाही को गोली मारे जाने की सूचना पर एसएसपी अमित पाठक उसका हालचाल जानने के लिए निजी अस्पताल पहुँचे और पूरी घटना की जानकारी ली। इस घटना के बाद बदमाशों को पकड़ने के लिए नाकाबंदी भी कर दी गयी। सीओ उदयराज ने बताया कि दोनों आरोपी बदमाशों की शिनाख्त कर ली गयी है। एक नाम शाहरुख और दूसरे का नाम विभव बताया गया है। दोनों आपराधिक किस्म के व्यक्ति थे जिन्हें रोकने और उनकी तलाशी लेने पर बदमाशों ने इस घटना को अंजाम दिया है। पुलिस दोनों बदमाशों की तलाश में जुटी है।
वही डीजीपी ओमप्रकाश सिंह ने सिपाही की बहादुरी की तारीफ करते हुए पुरस्कृत करने की घोषणा की है। इसके साथ ही नावेद को इस महीने का कॉप ऑफ द मन्थ भी चुना जाएगा।