आगरा। अखंड भारत निर्माण की मांग को लेकर हिंदूवादी संगठन हिंदू जागरण मंच की ओर से दीवानी स्थित भारत माता की प्रतिमा पर महाआरती का आयोजन किया गया। इस महाआरती में हिंदूवादी संगठन के तमाम पदाधिकारियों ने भाग लिया। सभी ने जय घोष के साथ भारत माता की आरती की और सरकार से खंडित हुए भारत को फिर से एक करने की मांग उठाई। इस दौरान दीवानी परिसर के आस पास का क्षेत्र भारत माता की जयकारों से गूंजने लगा।
हिंदूवादी संगठन हिंदू जागरण मंच के प्रदेश महामंत्री अविनाश राणा और प्रदेश मंत्री रविशंकर शर्मा का कहना था कि भारत के आजादी के बाद से भारत देश को कई खंडों में बांटा जा चूका है। आज की युवा पीढ़ी को मालूम होना चाहिए कि भारत का पहला स्वरूप क्या था और उसे कितनी बार खंडित किया गया और कितने देश भारत को काटकर बनाये गए।
हिन्दू जागरण मंच के पदाधिकारियों का कहना था कि घुसपैठियों के कारण भारत देश की आंतरिक सुरक्षा खतरे में पड़ चुकी है। लगातार घुसपैठिए और आतंकी भारत देश में कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। इसलिये हमें संगठित होकर इनका सामना करना होगा। इतना ही नहीं भारत में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशियों को भी इस देश से बाहर निकाल देना चाहिये।
इस कार्यक्रम के दौरान संगठन के पदाधिकारियों का कहना था कि भारत को फिर से अखंड बनाने की मांग की लेकर महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा जायेगा।