आगरा। ताजमहल के अंदर उस समय हड़कंप मच गया जब ताज निहारने के लिए मुख्य गुम्बट की ओर जा रहे विदेशी सैलानियो पर बंदरो ने हमला कर दिया। बंदरो के हमले से विदेशी पर्यटक इधर उधर भागने लगे। विदेशी सैलानियों को भागता देख ताज की सुरक्षा में लगे एएसआई अधिकारियों और सीआईएसएफ कर्मियों के हाथ पैर फूल गए।
सुरक्षाकर्मी तुरंत मौके पर पहुँचे और बंदरो को भगाया। लेकिन तब तक बन्दर दो विदेशी सैलानियो को अपना निशाना बना चुके थे। विदेशी सैलानियों को बंदरों ने झपट्टा मारकर उनके पैर को काट लिया और उनके पैर से खून निकलने लगा और काटने के निशान तक बन गए। बंदरो के हमले में फ्रांस की एक महिला और एक पुरुष विदेशी पर्यटक घायल हुए है।
मौके पर पहुंचे एएसआई और सीआईएसएफ के अधिकारियों ने तुरंत सैलानियों को ताजमहल के अंदर ही उपचार मुहैया कराया और सैलानियों की सुरक्षा को लेकर सतर्क भी नजर आए। घायल हुए पर्यटक तो कुछ भी बोलने को तैयार नहीं थे। इन सैलानियों के लिए आगरा का ताजमहल भ्रमण का अनुभव कुछ ठीक नहीं रहा।
इस घटना के बाद से एएसआई ने बंदरों को तितर-बितर करने की व्यवस्थाएं कर दी थी। अभी तक तो खूंखार बंदर शहरवासियों को अलग-अलग स्थानों पर अपना निशाना बनाते रहे लेकिन ताजमहल के अंदर विदेशी पर्यटक पर हुए बंदरों के हमले ने सुरक्षा व्यवस्था पर एक सवालिया निशान जरूर लगा दिया है।
खबर लिखे जाने तक इस संबंध में एएसआई अधिकारियों से कोई वार्ता नहीं हुई थी।