Home » आगरा जिला जेल से पैरोल पर छूटे 51 बंदी लापता, सेंट्रल जेल नहीं पहुंचे 3 कैदी, अब होगी गिरफ़्तारी

आगरा जिला जेल से पैरोल पर छूटे 51 बंदी लापता, सेंट्रल जेल नहीं पहुंचे 3 कैदी, अब होगी गिरफ़्तारी

by admin
Prisoner dies in Agra District Jail, was admitted to SN due to difficulty in breathing

Agra. आगरा जिला जेल के पैरोल पर छुटे 51 बंदी जेल में वापस नहीं लौटे है। यह सभी लापता हो गए हैं। उनका सुराग भी नहीं लग पा रहा है। जेल अधीक्षक ने इस संबंध में एसएसपी को पत्र लिखकर बंदियों को दाखिल कराने को कहा है। कोरोना काल में जिला जेल से बंदियों को पैरोल मिली थी। रिहा होने के बाद बंदी घर चले गए। इसमें सात साल से कम सजा और आजीवन कारावास के बंदी शामिल थे। पैरोल अवधि समाप्त हो गई लेकिन 51 बंदी जेल में वापस नहीं आए।

कोरोना संक्रमण के मामले सामने आने के बाद मार्च 2020 में शासन ने सात साल और उससे कम सजा वाले बंदियों को पैरोल देने का फैसला किया था। इसके तहत अप्रैल 2020 में जिला जेल से दो बार में 114 बंदियों को पैरोल दी गई। इनकी पैरोल अवधि 13 और 23 नवंबर 2020 को समाप्त हुई थी। वहीं वर्ष 2021 में भी पैरोल पर बंदियों को रिहा किया गया।

जेल अधीक्षक पीडी सलौनिया ने बताया कि 51 बंदी पैरोल अवधि समाप्त होने के बाद भी नहीं आए हैं। इनमें 48 बंदी सात साल से कम सजा वाले और तीन बंदी आजीवन कारावास की सजा काट रहे थे। यह सभी वर्ष 2020 और 2021 में पैरोल पर गए थे। बंदियों के जेल में नहीं दाखिल होने पर एसएसपी को पत्र लिखा गया है। उन्हें जेल में दाखिल कराने के लिए कहा गया है।

‘तो फिर कभी नहीं मिलेगी पैरोल’

जेल प्रशासन के मुताबिक, पैरोल देने से पहले बंदियों का आचरण देखा जाता है। इसकी रिपोर्ट बनाकर दी जाती है। इसके बाद पैरोल मिलती है। अब बंदी लौटकर नहीं आ रहे हैं। ऐसे में उनका आचरण खराब दर्ज किया जाएगा। ऐसे बंदियों को पुलिस गिरफ्तार करके जेल में दाखिल करेगी। उन्हें फिर से पैरोल मिलना मुश्किल हो जाएगा।

अवधि से पहले ही छोड़ गए घर

जेल प्रशासन को कुछ बंदियों के बारे में पता चला है कि पैरोल मिलने के बाद वो घर गए थे। पैरोल अवधि समाप्त होने से कुछ दिन पहले ही घर छोड़कर चले गए। अब वह कहां रह रहे हैं। इस बारे में परिजन भी नहीं बता पा रहे हैं। वह रिश्तेदारों के संपर्क में भी नहीं हैं।

सेंट्रल जेल के तीन कैदी नहीं लौटे

प्रभारी डीआईजी जेल वीके सिंह ने बताया कि पैरोल अवधि समाप्त होने के बाद भी जेल में नहीं आने वाले बंदियों की तलाश की जा रही है। संबंधित जिले के एसएसपी को पत्र लिखा गया है। पुलिस उन्हें गिरफ्तार करके लाएगी। सेंट्रल जेल से 78 बंदियों को पैरोल दी गई थी। इनमें से 75 आ चुके हैं। तीन नहीं आए। उनके बीमार होने की सूचना जेल प्रशासन को मिली है। –

गिरफ्तार होंगे फरार बंदी

एसएसपी सुधीर कुमार सिंह कोर्ट के आदेश पर पैरोल दी गई थी। कोर्ट का आदेश मिलने पर पुलिस कार्रवाई करेगी। फरार बंदियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Related Articles