Home » विधायक योगेंद्र उपाध्याय ने लगाए जलसंस्थान पर गंभीर आरोप

विधायक योगेंद्र उपाध्याय ने लगाए जलसंस्थान पर गंभीर आरोप

by pawan sharma

आगरा। सालों से जलसंकट से जूझ रही ताजनगरी की उम्मीदें गंगाजल आने के बाद बढ़ गयी थी कि उनकी समस्या का अब समाधान हो गया है। अब उन्हें पानी के लिए दर दर नही भटकना होगा लेकिन ऐसा नही हुआ है। 2018 में आगरा आये गंगाजल का शहर की अधिकतर जनता आज तक लाभ नही ले पाई है। रोजाना शहर के तमाम हिस्सो में लोग पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं और सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे है। यह कहना है कि भाजपा विधायक योगेंद्र उपाध्याय का। शहर में गहराते जा रहे पेयजल संकट को लेकर विधायक योगेंद्र उपाध्याय ने एक प्रेसवार्ता की और जलसंस्थान के अधिकारियों के प्रति अपनी नाराजगी जताई।

उनका कहना था कि जलसंस्थान के जीएम और अन्य ठेकेदारों की मिली भगत से शहर को गंगाजल नही मिल रहा है और न ही पेयजल समस्या का समाधान हो रहा है जिसकी शिकायत उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से की है।

प्रेसवार्ता के दौरान उनका कहना था कि शहर की पेयजल समस्या के समाधान के लिए उन्होने गंगाजल प्रोजेक्ट को पूरा कराया और 2018 में शहर में गंगाजल भी आ गया। उन्होंने 2016 से जलसंस्थान के अधिकारियों को समझाया था कि गंगाजल 2018 तक आ जायेगा और उसके वितरण के लिए अभी से सारी व्यवस्था दुरुस्त कर ले लेकिन जलसंस्थान के अधिकारियों ने ऐसा कुछ नही किया। जर्जर पाइप लाइन आयेदिन लीकेज हो रही है और पेयजल लोगों के पास पहुँचने के बजाए सड़क और नालियों में फैल रहा है।

विधायक योगेंद्र उपाध्याय ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जलसंस्थान में एक कॉकस काम कर रहा है जिसमें जलकल जीएम से लेकर कुछ चहेते ठेकेदार शामिल हैं जो जानबूझ कर जनता को गंगाजल देना नही चाहते हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में 375 एमएलडी गंगाजल है और 200 एमएलडी यमुना से पानी मिल रहा है।जलसंस्थान के पास पानी बहुत है लेकिन उस पानी को सप्लाई करने में यह कॉकस अड़ंगा लगा रहे हैं। विधायक योगेंद्र उपाध्याय का कहना है कि उन्होंने इस कॉकस कि सीएम योगी आदित्यनाथ से शिकायत की है।

भाजपा महानगर अध्यक्ष विजय शिवहरे का कहना है कि एक साजिश के तहत भाजपा सरकार को बदनाम करने की साजिश है जिससे लोगों को लगे कि भाजपा सरकार लोगों को पेयजल उपलब्ध नहीं करा पा रही है।

Related Articles

Leave a Comment