आगरा। कर्नाटक में कांग्रेस और जेडीएस के गठबंधन से पर्याप्त बहुमत होने के बाद भी कर्नाटक के राज्यपाल ने भाजपा पार्टी को सरकार बनाने का जो न्यौता दिया है उसके विरोध में कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से उतर आई है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर के आव्हान पर पूरे प्रदेश में भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किए गए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह का पुतला फूंक अपनी नाराजगी भी जताई गई।
ऐसा ही कुछ नजारा आगरा जिले में भी देखने को मिला। शहर अध्यक्ष हाजी अबरार हुसैन के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने अब्बू लाला दरगाह से निकलने वाले हाईवे पर जमकर प्रदर्शन किया। सभी कार्यकर्ताओं ने मिलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का पुतला फूंका और अपनी नाराजगी व्यक्त की।
कांग्रेस शहर अध्यक्ष हाजी अबरार हुसैन और वरिष्ठ कांग्रेसी बच्चू सिंह का कहना था कि भाजपा लोकतंत्र की हत्या करने पर आमादा हो चुकी है। इसलिए तो हर राज्य में अपनी सरकार बनाने के लिए किसी भी स्थिति तक गिरने को तैयार है। कांग्रेस और जेडीएस की गठबंधन होने पर सरकार बनाने का पूर्ण बहुमत था लेकिन इसके बावजूद भी कर्नाटक के राज्यपाल ने भाजपा को सरकार बनाने का न्यौता दे दिया।
हाजी अबरार हुसैन का कहना था कि गोवा, मणिपुर, मेघालय में तो कांग्रेस की सीटें ज्यादा थी और बहुमत भी था तो फिर वहां पर भाजपा को सरकार बनाने का न्यौता कैसे मिल गया।
जिला अध्यक्ष दुष्यंत शर्मा और कार्यवाहक हाजी जमीलुद्दीन के नेतृत्व में भी जिला मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया गया। भारी संख्या में मौजूद कांग्रेसियों ने जमकर नारेबाजी की और पुतला दहन कर अपनी नाराजगी व्यक्त की। कार्यवाहक शहर अध्यक्ष हाजी जमालुद्दीन कुरैशी और लोकसभा अध्यक्ष नदीम उनका कहना था कि भाजपा इस देश से लोकतंत्र को ही खत्म कर देना चाहती है। नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने और अमित शाह के भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद से पूरे देश में तानाशाही कायम हो गई है और इस तानाशाही को बरकरार रखने के लिए भाजपा और RSS मिलकर हर राज्य में अपनी सरकार बनाने पर आमादा हो गई हैं। चाहे इसके लिए उन्हें किसी भी हद तक गिर ना पड़े।
फिलहाल कर्नाटक में सरकार बनाने का मामला सुप्रीम कोर्ट जा पहुंचा है और कांग्रेसियों ने भी साफ कर दिया है कि अगर सुप्रीम कोर्ट में भी न्याय नहीं मिला तो पूरे देश में विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे।