Home » लंबित मांगों को लेकर ईट भट्ठों पर काम करने वाले मजदूरों ने दिल्ली में जंतर मंतर पर दिया धरना

लंबित मांगों को लेकर ईट भट्ठों पर काम करने वाले मजदूरों ने दिल्ली में जंतर मंतर पर दिया धरना

by admin

नई दिल्ली। ईट भट्ठों पर काम करने वाले मजदूरों की विभिन्न समस्याओं के समाधान और लंबित पड़ी मांगों को लेकर राष्ट्रीय ईट भट्ठा मजदूर संघर्ष समिति की ओर से दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक दिवसीय धरना दिया गया। इस धरना प्रदर्शन में देशभर से ईट भट्ठों पर काम करने वाले मजदूरों और उनके संगठनों ने शिरकत की। आगरा शहर से असंगठित क्षेत्र के तमाम मजदूरों के लिए काम कर रहे उत्तर प्रदेश ग्रामीण मजदूर संगठन ने भी अपने साथियों के साथ इस प्रदर्शन में शामिल हुए और इस आंदोलन को मजबूत बनाया। इस दौरान संघर्ष समिति के पदाधिकारियों के साथ-साथ विभिन्न मजदूर संगठनों के नेताओं ने सरकार के प्रति अपनी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की और मजदूरों की तमाम समस्याओं को उनके सामने रखा।

धरना प्रदर्शन के दौरान राष्ट्रीय ईट भट्टा मजदूर संघर्ष समिति के सदस्यों ने केंद्रीय श्रम मंत्री से मुलाकात की और ज्ञापन सौंप मजदूरों की विभिन्न समस्याओं के समाधान और उन्हें सामाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए कई मांग की गयी।

राष्ट्रीय ईट भट्टा मजदूर संघर्ष समिति की प्रमुख मांगे जो इस प्रकार हैं-

1:- राष्ट्रीय ईट भट्टा मजदूर संघर्ष समिति ने मांग की है कि ईट भट्टों में श्रम के नियोजन के लिए महाराष्ट्र के माथाडी अधिनियम की तर्ज पर कानून बनाया जाए।

2:- सभी राज्यों में त्रिपक्षीय मजदूर बोर्ड (नियोक्ता, मजदूर और श्रम विभाग) बनाए जाए और मजदूरी का निर्धारण यही बोर्ड करें।

3:- ईट भट्टा मजदूरों से 8 घंटे काम लिया जाए और उन्हें लगभग ₹700 प्रतिदिन के हिसाब से भुगतान किया जाए।

4:- ईट भट्टा मजदूरों का भुगतान और वेतन उनके बैंक अकाउंट में सीधा जाए।

5:- ईट भट्टो पर शौचालय की व्यवस्था की जाए।

6:- ईट भट्टो को फैक्ट्री एक्ट में शामिल किया जाए।

7:- ईट भट्टों पर बाल श्रम को पूरी तरह से प्रतिबंधित किया जाए।

8:- ईट भट्टों में काम करने वाले मजदूरों को सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए भविष्य निधि, बोनस, बीमा और अन्य सेवाओं को अनिवार्य किया जाए।

9:- महिलाओं के लिए बने श्रम कानून जैसे मातृत्व लाभ अधिनियम 1969 का क्रियान्वयन किया जाए और ईट भट्टो पर यौन उत्पीड़न से सुरक्षा के तहत प्रत्येक भट्टे पर अंदरूनी शिकायत समिति बनाई जाए।

10:- ईट भट्टो पर मजदूरों को मुफ्त चिकित्सीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाए।

धरना प्रदर्शन में शामिल होने वाले उत्तर प्रदेश ग्रामीण मजदूर संगठन के अध्यक्ष तुलाराम शर्मा का कहना था कि आज हजारों ईट भट्ठा मजदूरों ने अपनी समस्याओं को लेकर आवाज बुलंद की गई है। सभी ने मिलकर जंतर मंतर पर धरना दिया और उसके बाद फिर राष्ट्रीय ईट भट्टा संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने केंद्रीय श्रम मंत्री को ज्ञापन सौंपा। जिसमें यह मांग की गई है कि ईट भट्टा पर काम करने वाले सभी मजदूरों को 700 रुपये न्यूनतम मजदूरी, काम के घंटे तय हो,उनके बच्चों को बेहतर शिक्षा मिले और उन्हें समाज सुरक्षा दी जाए।

Related Articles