Home » राजबब्बर ने क्यों कहा कि अयोध्या में राम मंदिर बनवाने को हम है तैयार…

राजबब्बर ने क्यों कहा कि अयोध्या में राम मंदिर बनवाने को हम है तैयार…

by pawan sharma

आगरा। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राज बब्बर ने प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा पर जमकर हमला बोला। भाजपा को आड़े हाथ लेते हुए प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने राम जन्मभूमि पर मंदिर बनाये जाने पर भाजपा से सवाल कर दिया है। उनका कहना है कि भाजपा मंदिर मामले पर विपक्ष पर हमला बोलती है लेकिन इस मामले में सभी का सकारात्मक रुख है। उन्होंने भाजपा की कथनी और करनी में अंतर बताते हुए भाजपा से पूछा कि मंदिर अयोध्या में नहीं बनेगा तो कहां बनेगा।

भाजपा सरकार की ओर से सुप्रीम कोर्ट में 2.77 एकड़ भूमि अधिग्रहण करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह फॉर्मूला नया नहीं है। सन 1989 की सरकार में यह फार्मूला बनाया गया था कि 2.77 डिस्प्यूटेड जमीन को सरकार अधिग्रहण करे और उसके बाद कही भी मंदिर और मस्जिद बनाये लेकिन इसके तुरंत आडवाणी जी ने राम मंदिर के नाम पर रथ यात्रा निकाली।

सांसद राज बब्बर ने सरकार और भाजपा से 30 साल पुराने इतिहास को खंगालने के लिए भाजपा पर आरोप लगाया कि अयोध्या में राम मंदिर बनाने पर कोई विवाद नहीं है। दरअसल जो विवाद है वह संबंधित भूमि पर मालिकाना हक को लेकर है। अयोध्या में राम मंदिर भूमि पर तीन लोगों ने अपना हक जताया है। राम मंदिर न्यास, हनुमान अखाड़ा और वफ्फ बोर्ड अदालत में मालिकाना हक के लिए लड़ रहे है। अदालत के बाहर राम मन्दिर निर्माण को लेकर भाजपा सिर्फ शिगूफा उछाल रही है।

सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के 24 घंटे के अन्दर राम मंदिर बनाने के बयान पर राज बब्बर ने कहा कि कौन से योगी जी, क्या है वो, वो मुख्यमंत्री है क्या, मुख्यमंत्री का काम क्या होता है। मुख्यमंत्री का काम होता है शासन प्रशासन को देखें। कानून व्यवस्था को देखें। वह सिर्फ दूसरों के घरों में जाकर प्रचार करते हैं और जहां जहां जाते हैं वहां बंटाधार करके आ जाते हैं। ऐसे लोगों के बारे में सवाल नहीं करना चाहिए। आप बताओ मैं मंदिर बनवाने को तैयार हूं जहां कहो सब मिलकर मंदिर बनवाएंगे।

Related Articles

Leave a Comment