Home » पुलिसकर्मियों के फिल्मी स्टाइल में हड़काकर वसूली करते वीडियो वायरल, एसएसपी ने लिया संज्ञान

पुलिसकर्मियों के फिल्मी स्टाइल में हड़काकर वसूली करते वीडियो वायरल, एसएसपी ने लिया संज्ञान

by admin

आगरा। होटल कर्मचारियों से अवैध वसूली का मामला अभी थमा भी नहीं था कि सोशल मीडिया पर पुलिस का अवैध वसूली का एक ओर नया वीडियो तेजी के साथ वायरल हो रहा है। अवैध वसूली के वायरल हो रहे इस वीडियो से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। अवैध वसूली में लगे पुलिसकर्मी फिल्मी स्टाइल में वाहन चालकों से वसूली करने में लगे हुए हैं। मानो कि यह पुलिसकर्मी शोले फिल्म के गब्बर हो और वाहन चालक गाँव की जनता। पुलिस के अवैध वसूली का यह वीडियो पुलिसकर्मियों के पास खड़े हुए एक पीड़ित ने बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो आगरा शमशाबाद मार्ग स्थित ताजगंज थाना क्षेत्र एकता चौकी का बताया जा रहा है। इस वीडियो में एक पुलिस कर्मी चारपाई पर लेटकर अपनी ड्यूटी को निभा रहा है। इस पॉइंट पर चेकिंग की जा रही है और चारपाई पर लेटे पुलिस कर्मी वाहन चालक को हड़का रहा है तो कुर्सी पर बैठा दूसरा पुलिसकर्मी वाहन चालकों से पैसे लेकर जेब भरता जा रहा है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक एकता चौकी पर यह सिलसिला काफी समय से चल रहा है।

फिलहाल इस वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन में भी हड़कंप मचा हुआ है। इस वीडियो पर आगरा एसएसपी बबलू कुमार ने संज्ञान लिया है और अधीनस्थ अधिकारियों को इस वीडियो को जांच के निर्देश दिए हैं। माना जा रहा है कि वीडियो में कैद दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ बड़ी कार्यवाई हो सकती है।

Related Articles