Agra. आगरा आये यूपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व सांसद ब्रजलाल खावरी पीएम नरेंद्र मोदी पर जमकर बरसे। उन्होंने पीएम मोदी पर जुबानी हमला बोलते हुए कहा कि ’56 इंच के सीने वाले मोदी जी ने मणिपुर कांड पर मौन धारण कर लिया है। महिलाओं के यौन शोषण, सुरसा की तरह बढ़ रही महंगाई पर वो कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। विपक्ष इस पर एकजुट हुआ और अविश्वास प्रस्ताव लाने की जुगत में है तो पीएम मोदी विपक्ष पर हमला बोलने को तो तैयार है लेकिन संसद में चर्चा करने को तैयार नहीं हैं।’
यूपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खावरी आगरा में श्याम होटल में आयोजित संविधान बचाओं संकल्प सभा अभियान में भाग लेने के लिए आये थे। संविधान सभा के दौरान उन्होंने अपने विचार प्रकट किए।।उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार और भाजपा संविधान को तोड़ना चाहती है और निजी स्वार्थ के लिए उसका उपयोग करना चाहती है जिसे किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे लोगों से ही संविधान की सुरक्षा के लिए जगह जगह इस तरह की संकल्प सभाएं हो रही है। आम लोगों के बीच मोदी की जनविरोधी नीतियों को उजागर कर उन्हें बेनकाब किया जा रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष ब्रजलाल खावरी ने कहा कि कितने शर्म की बात है मणिपुर बुरी तरह से हिंसा में जल रहा है। महिलाओं, बेटियों के शर्मनाक वीडियो रोजाना सामने आ रहे हैं लेकिन मोदी जी ने अपने मुंह से आज तक दोनों समुदायों से शांति की अपील तक नहीं की। पूरी दुनिया में इन घटनाओं से देश की छवि धूमिल हो रही है, लेकिन मोदी जी चुनावी सभाएं कर रहे हैं।
‘इंडिया तोड़ेगा मोदी जी का घमंड’
मीडिया से रूबरू होते हुए खावरी ने कहा कि ‘ऐसा लगता है कि शायद मोदी जी की म शब्द से कोई पुरानी अदावत है। इसलिए मणिपुर, महिलाओं, महिला पहलवानों व महंगाई पर वह बोलना नहीं चाहते हैं, लेकिन कांग्रेस सहित विपक्षी दलों का गठबंधन इंडिया मोदी जी के अहंकार को तुड़वाएगा। इसलिए उनकी भाजपा सरकार के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव लाया गया है, ताकि मोदी जी सदन में आकर अपनी रहस्यमय चुप्पी तोड़ें।’
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खावरी ने कहा कि आरएसएस के इशारे पर मोदी सरकार द्वारा डॉ आंबेडकर के संविधान को तोड़ने का कार्य के रहा है। लोकतंत्र के चारों स्तंभों को कब्जे में करके देश के धर्मनिरपेक्षता स्वरूप को समाप्त किया जा रहा है। आज कांग्रेस के प्रत्येक व्यक्ति को अपने अपने गली मोहल्ले में जाकर जनता को बताना चाहिए, ताकि एक बड़ा जनांदोलन संविधान की हत्यारी भाजपा सरकार के विरुद्ध खड़ा किया जा सके।
इस अवसर पर अन्य दलों से आये लोगों को कांग्रेस की सदस्यता दिलाई गयी। सभी का कांग्रेस परिवार में स्वागत किया। बहुजन समाजवादी पार्टी के नेता रामवीर कर्दम ने पार्टी से त्यागपत्र देकर कांग्रेस में शामिल होने की घोषणा की। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह मीनू व शहर अध्यक्ष देवेन्द्र कुमार चिल्लू ने एवम संचालन रमाशंकर शर्मा एडवोकेट, नंदलाल भारती ने संयुक्त रूप से किया।
निहाल सिंह जैन को दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम में शामिल होने से पहले यूपी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खावरी पूर्व सांसद स्व. निहाल सिंह जैन के निवास पर पहुंचे। यहां पर उन्होंने स्व. निहाल सिंह जैन के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की व उनके पुत्र मनोज बोहरा सहित परिजनों को ढांढस बंधाया।