आगरा (17 May 2022 Agra News)। ज्ञानवापी मस्जिद मामले में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग का आरोप, भाजपा दो धर्मों के लोगों के बीच खाई पैदा करना चाहती है। ये भी कहा।
ज्ञानवापी मस्जिद मामले को लेकर मंगलवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग की ओर से प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। अल्पसंख्यक कांग्रेस विभाग के प्रदेश अध्यक्ष शाहनवाज आलम ने भाजपा पर जमकर हमला बोला। कहा कि भाजपा इस कवायद से दो धर्मों के लोगों के बीच खाई पैदा करना चाहती है। इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार की इस कवायद में न्यायपालिका का एक अंग भी शामिल है, जो इस तरह की पिटीशन को सुनने के लिए उन पर अनुमोदन कर देता है। प्रदेश अध्यक्ष शाहनवाज आलम ने कहा कि इस समय भाजपा सरकार के समर्थन में एक न्यायपालिका का अंग का सांप्रदायिक करार हो गया है और वह भाजपा सरकार के लिए काम कर रहा है। इसीलिए न्यायपालिका के सांप्रदायिक अंग को न्यायिक आतंकवाद भी कह दिया।#agranews
पूजा स्थल अधिनियम 1991
प्रदेश अध्यक्ष शाहनवाज आलम ने कहा कि भारत आजाद हुआ था। उसके बाद पूजा स्थल अधिनियम 1991 बना था। इस अधिनियम के तहत 1947 से पहले जो भी धार्मिक स्थल हैं, जहां हैं, वे वैसे ही रहेंगे। जिनके कब्जे में धार्मिक स्थल हैं, उस पर उसी का हक रहेगा लेकिन अब इस अधिनियम को बदला जा रहा है। यह पूरी तरह से गैर कानूनी है। उन्होंने कहा कि अगर इस अधिनियम को बदला जाता है तो लोगों का न्यायपालिका में विश्वास पूरी तरह से कम हो जाएगा।#gyanvapi
चाइना से मुक्त कराएं मानसरोवर को
शाहनवाज आलम ने दो टूक शब्दों में कहा कि मंदिर और मस्जिद को छोड़कर मोदी सरकार को चाइना पर ध्यान देना चाहिए। चाइना से मानसरोवर को मुक्त कराना चाहिए। यह देश के लिए उपलब्धि भी होगी लेकिन मोदी सरकार यह चाहती ही नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि ज्ञानवापी मस्जिद में शिवलिंग मिलने पर लोग लड्डू बांट रहे हैं। ये वे लोग हैं जो महात्मा गांधी की मौत पर भी मिठाई बांट रहे थे। यह पूरा गिरोह है, जो इसी तरह की कवायदों को अंजाम देता है।