लखनऊ। आगरा से शुरू हुई आॅब्सटेट्रिकल एंड गायनेकोलाॅजिकल सोसायटी की बेटी बचाओ और महिला सशक्तिकरण अभियान की गूंज लखनऊ में भी गूंजी। इस कैंपेन के लिए आगरा के चिकित्सक ही 63वीं आॅल इंडिया आॅब्सटेट्रिक्स एंड गायनेकोलाॅजिकल कांग्रेस में छाए रहे और उन्हें इसके लिए सम्मानित भी किया गया।

29 जनवरी से 02 फरवरी तक लखनऊ के काशीराम सांस्कृतिक स्थल, स्मृति उपवन में चल रही 63 वीं आॅल इंडिया आॅब्सटेट्रिक्स एंड गायनेकोलाॅजिकल कांग्रेस में आगरा के डाॅक्टर ने अपनी छाप छोड़ी है। एक ओर जहां विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए स्थानीय डाॅक्टरों को अवाॅर्ड से नवाजा गया तो वहीं देश भर में सेव गर्ल चाइल्ड कैंपेन पर काम करने के लिए आगरा आॅब्सटेट्रिकल एंड गायनेकोलाॅजिकल सोसायटी को फाॅग्सी-मिलन स्मृति अवाॅर्ड प्रदान किया गया।
संस्था ने कहा कि आगरा आॅब्सटेट्रिकल एंड गायनेकोलाॅजिकल सोसायटी बेटी बचाओ और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में देश में सबसे अच्छा काम कर रही है। लखनऊ में देश भर से आए स्त्री रोग विशेषज्ञों की मौजूदगी में आगरा सोसायटी को यह खिताब दिया गया है। महिला सशक्तिकरण पर श्रेष्ठ कार्य करने के लिए आगरा की डा. निहारिका मल्होत्रा को फाॅग्सी-एनए पंडित एवं शैलजा पंडित वूमेन एंपावरमेंट अवाॅर्ड प्रदान किया गया। इतना ही नही उन्हें अगले 3 वर्षों के लिए फॉगसी यंग टेलेंट कमेटी की चेयरपर्सन नियुक्त किया गया।
इस अवसर पर डॉ जयदीप मल्होत्रा ने गर्भवती महिलाओं को समर्पित आई मम्ज एप लांच किया। डा. जयदीप मल्होत्रा, डा. नरेंद्र मल्होत्रा और आगरा सोसायटी के अध्यक्ष डा. अनुपम गुप्ता को भी महिला स्वास्थ्य के विभिन्न क्षेत्रों में सर्वश्रेष्ठ कार्य करने के लिए अवाॅर्ड प्रदान किए गए। उन्होंने कई तकनीकी सत्रों, पैनल डिस्कशन्स की अध्यक्षता भी की।
युवा एंब्रियोलाॅजिस्ट के रूप में आगरा के डा. केशव मल्होत्रा के शोध पत्रों और एंब्रियो प्रणाली को और अधिक पारदर्शी बनाने के लिए उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों को काफी सराहना मिली। आगरा से इस चिकित्सकीय सम्मेलन में डॉ वरुण सरकार, डॉ सरोज सिंह, डॉ शिखा सिंह, डॉ निर्मला यादव, डॉ दिव्या यादव, डॉ पूनम यादव, डॉ रचना, डॉ मुकेश चंद्रा, डॉ रुचिका गर्ग, डॉ निधि गुप्ता, डॉ सुधा बंसल, डॉ सविता त्यागी, डॉ अंजना अरोड़ा समेत लगभग 30 स्त्री रोग विशेषज्ञों ने सहभागिता की। तमाम डाॅक्टरों को उनके सर्वश्रेष्ठ शोधपत्रों के लिए भी सम्मानित किया गया।