Home » केंद्रीय कानून मंत्री किरण रिजिजू ने मिनी मैराथन को दिखाई हरी झंडी, खुद भी लगाई दौड़

केंद्रीय कानून मंत्री किरण रिजिजू ने मिनी मैराथन को दिखाई हरी झंडी, खुद भी लगाई दौड़

by admin
Union Law Minister Kiren Rijiju flagged off the mini marathon, ran himself

आगरा। ताजनगरी पहुँचे केंद्रीय विधि एवं कानून मंत्री किरण रिजिजू ने आज रविवार सुबह सांसद खेल स्पर्धा के अंतर्गत आगरा कॉलेज मैदान से आयोजित मिनी मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मैराथन में भाग लेने के लिए शहर के हर वर्ग से जुड़े लोग पहुंचे। मिनी मैराथन दौड़ सदर स्थित एकलव्य स्टेडियम में समाप्त होगी, जहां पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मैराथन में प्रथम, द्वितीय व तृतीय आने वाले धावकों के अलावा सांसद खेल स्पर्धा के तहत विभिन्न प्रतियोगिताओं में जीतने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा।

रविवार सुबह लगभग 8 बजे केंद्रीय कानून मंत्री किरण रिजिजू आगरा कॉलेज मैदान पर सांसद खेल स्पर्धा का शुभारंभ करने के लिए पहुंचे। उन्होंने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए उत्साहवर्धन किया। इस दौरान आगरा कॉलेज ग्राउंड में हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ देखने को मिली। शरीर पर अपने नंबर की टीशर्ट पहने और सांसद एसपी सिंह बघेल का चित्र लगाए उत्साहित धावक मैदान में इधर-उधर घूमते हुए साफ दिखाई दे रहे थे।

केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने लोगों को संबोधित करते हुए बताया कि जिस देश के लोग मानसिक और शारीरिक रूप से फिट होंगे वह देश हमेशा ही तरक्की की ओर बढ़ता चला जाएगा। हमारे देश ने पहले की अपेक्षा इस बार ओलंपिक में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। देश का युवा अब खेल के प्रति जागरूक हो रहा है। उन्होंने बताया कि लोगों के जीवन में सुख और दुख हमेशा ही आते रहते हैं लेकिन अगर आप खेलेंगे नहीं तो सुख-दुखों से ही घिरे रहेंगे।

Union Law Minister Kiren Rijiju flagged off the mini marathon, ran himself

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि मैंने सरकार में कई मंत्रालय देखे हैं लेकिन आगरा के लोगों में जिस तरह से ऊर्जा दिखाई दे रही है ऐसी ऊर्जा मैंने कहीं भी नहीं देखी। मैं रास्ते में जब आ रहा था तो मुझे 400-500 लोग पहले से ही दौड़ते हुए दिखाई दे रहे थे। उनके जोश को देखते हुए मैं उन्हें रोकने की कोशिश नहीं कर पाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो सांसद खेल स्पर्धा का शुभारंभ किया है वह बहुत ही अच्छा कार्य है। इससे लोग एक तरफ जहां खेल के प्रति जागरूक होंगे वहीं दूसरी तरफ अपने आप को फिट भी रख सकेंगे। सांसद खेल स्पर्धा से लोगों में जो जोश दिखाई दे रहा है उससे उम्मीद है कि 2028 में अमेरिका में होने वाले ओलंपिक में भारत टॉप 10 में जरूर रहेगा।

सांसद खेल स्पर्धा द्वारा आयोजित की गई मिनी मैराथन में जहां एक तरफ बच्चे और युवक दिखाई दे रहे थे। वहीं दूसरी तरफ बुजुर्ग, एसिड अटैक पीड़िता और दिव्यांग भी इस मैराथन में अपनी सहभागिता दर्ज करते हुए नजर आ रहे थे। उनमें भी इस दौड़ के प्रति एक अलग ही जज्बा और जुनून दिखाई दे रहा था।

केंद्रीय मंत्री ने अपने उदबोधन के बाद हरी झंडी दिखाकर मैराथन का शुभारंभ किया। जिसके बाद वह दिव्यागों के साथ-साथ सड़क पर दौड़े और लगातार दौड़ते हुए वह एकलव्य स्टेडियम पहुंचे।

Related Articles