Agra. आज शुक्रवार से यानी 19 नवंबर से विश्व धरोहर सप्ताह की शुरुआत हो गई। विश्व धरोहर सप्ताह 25 नवंबर तक मनाया जाएगा। विश्व धरोहर दिवस के पहले दिन आगरा के सभी ऐतिहासिक स्मारकों पर सैलानियों को फ्री प्रवेश दिया गया। शुक्रवार को ताजमहल बंद होने के करण कम ही पर्यटक ऐतिहासिक स्मारकों का दीदार करने के लिए पहुँचे। ताजमहल बंद होने के कारण आगरा किला पर भी सैलानियों की कम ही भीड़ देखने को मिली। पर्यटकों को फ्री ऐतिहासिक स्मारक घूमने को मिला इससे उनकी खुशी दुगनी हो गयी।
कम संख्या में पहुंचे पर्यटक
विश्व धरोहर दिवस के अवसर पर पर्यटक और दिनों की अपेक्षा काफी कम संख्या में ही नजर आए। क्योंकि शुक्रवार था और शुक्रवार को ताजमहल बंद रहता है, इस कारण पर्यटक कम ही संख्या में ऐतिहासिक स्मारक लाल किले को देखने के लिए पहुंचा था।
ताजमहल न देख पाने से मायूस
विश्व धरोहर दिवस पर ऐतिहासिक स्मारकों को निहारने के लिए पहुँचे पर्यटकों का ताज न निहार पाने का दर्द भी छलका। उनका कहना था कि आज विश्व धरोहर दिवस है इसलिए आज तो ताजमहल खुलना चाहिए था। इस विशेष दिवस पर भी ताजमहल बंद होने से वो काफी मायूस है। बताते चले कि शुक्रवार होने के कारण ताजमहल पर्यटकों के लिए बंद है।
दिया गया निःशुल्क प्रवेश
विश्व धरोहर दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सभी स्मारकों में भारतीय और विदेशी पर्यटकों का प्रवेश नि:शुल्क दिया गया। इसका लाभ भी पर्यटकों ने खूब उठाया और लालकिला, सिकंदरा स्मारक, एत्माद्दौला के साथ फतेहपुर सीकरी निहारने के लिए काफी संख्या में पर्यटक पहुँचे। इन स्मारकों पर पर्यटकों की भीड़ अधिक पहुँची।
25 नवंबर तक विश्व धरोहर सप्ताह
अधीक्षण पुरातत्वविद राजकुमार पटेल ने बताया कि विश्व धरोहर सप्ताह 19 से 25 नवंबर तक मनाया जाएगा। इसको लेकर फतेहपुरसीकरी सहित अन्य स्मारकों पर जागरूकता के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में स्मारकों में स्वच्छता रखने, स्मारकों को दूर से देखने, उन्हें पर्यटकों को न छूने देने और उनके इतिहास के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। बच्चों द्वारा भी पेंटिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
यूनेस्को द्वारा प्रतिवर्ष 19 से 25 नवंबर तक विश्व धरोहर सप्ताह मनाया जाता है। इसका उद्देश्य स्मारकों के संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना और उन्हें भविष्य की पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखना है।