आगरा। थाना ताजगंज के नाहर गंज क्षेत्र में उस समय अफरा तफरी मच गई जब एक घर में रखे सिलेंडर में आग लग गई। देखते ही देखते सिलेंडर में लगी आग ने की लपटों में घर का सामान भी आ गया। आग लगने से घर में चीख पुकार मच गई। चीखपुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुँचे और आग की लपटों के बीच फंसे लोगों को बचाने का प्रयास शुरू कर दिया। एक युवक में साहस कर आग लगे सिलेंडर को बाहर खींच कर ले गया और सिलेंडर में लगी आग के साथ घर के सामान में लगी आग को बुझाया। इस घटना में परिवार के कई लोग झुलस गए। घटना की जानकारी पुलिस और दमकल को दी लेकिन उनके पहुँचने से पहले ही लोगों ने आग पर काबू पा लिया।
घटना सुबह की है। नाहर गंज निवासी शारदा देवी अपने घर की रसोई में खाना बना रही थी। इसी दौरान अचानक से सिलेंडर में आग लग गयी। देखते ही देखते आग विकराल रूप लेने लगी। घर के फंसे लोगों की चीखपुकार सुनकर आसपास के लोग एकत्रित हो गए। इस बीच एक साहसी युवक खलील ने घर में प्रवेश किया और जान पर खेलते हुए आग लगे सिलेंडर को बाहर निकाला। सिलेंडर में लगी आग के साथ घर में लगी आग को लोगों ने बुझाया और घर में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।

इस दौरान घर में फंसे तीन लोग बबीता, प्रिया और राहुल मामूली रुप से झुलस गए जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। पीड़िता ने बताया कि खाना बनाते समय सिलेंडर में पता नहैं कैसे आग लग गयी। लोगों की मदद से आग पर काबू पाया जिससे उनकी जान बच सकी।
दूसरी घटना थाना जगदीशपुरा क्षेत्र के बिचपुरी पुलिस चौकी की है। दोपहर के समय अचानक से चौकी के समीप से गुजर रहे विद्युत की हाईटेंशन लाइन का तार टूट गया और चौकी पर रखी बाइक और कार में आग लग गयी। इस आग ने तुरंत विकराल रूप ले लिया। इस घटना से चौकी में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी विद्युत विभाग के साथ दमकल को दी गयी। घटना की जानकारी होते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुँच गयी और आग पर काबू पाया। आग पर काबू हो जाने के बाद पुकिसकर्मियों ने राहत की सांस ली।