Home » ताज़महल की सुरक्षा में नहीं लगेगी सेंध, आगरा पुलिस ने शुरू किया ये अभियान

ताज़महल की सुरक्षा में नहीं लगेगी सेंध, आगरा पुलिस ने शुरू किया ये अभियान

by admin

आगरा। ताजमहल पर कई बार रेड जोन और यलो जोन में ड्रोन कैमरा उड़ाए जाने के मामले सामने आए थे जिससे विश्वदायीं स्मारक और मोहब्बत की निशानी ताजमहल की सुरक्षा तार-तार हो रही थी। ताजमहल के यलो जोन और रेड जोन में ड्रोन उड़ाना पूर्ण रूप से प्रतिबंधित है। यह सर्वोच्च न्यायालय के आदेश का खुला उल्लंघन है। यह बात बार-बार पर्यटकों को समझाई जा रही थी बावजूद इसके ताजमहल के यलो जोन और रेड जोन में यहां आने वाले अनभिज्ञ विदेशी पर्यटक ताजमहल पर ड्रोन उड़ाते थे।

ताजमहल पर ड्रोन ना उड़े, ताजमहल की सुरक्षा को खतरा न हो, ताजमहल पर सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों का पालन हो, इसके लिए आगरा पुलिस ने एक बड़ा कदम उठाया है। एसपी सिटी आगरा रोहन पी बोत्रे के नेतृत्व में क्षेत्राधिकारी सदर विकास जयसवाल और क्षेत्राधिकारी ताज सुरक्षा मोहसिन खान ने ताजमहल के पूर्वी, पश्चिमी और दक्षिणी गेट पर फ्लेक्स और स्टैंडी लगाए हैं। जिस पर लिखा है कि ताजमहल परिसर के आसपास ड्रोन उड़ाना प्रतिबंधित है। इस स्टैंडी और फ्लेक्स पर चार भाषाओं का प्रयोग किया गया है जिसमें हिंदी, इंग्लिश और दो विदेशी भाषा शामिल है।

एस पी सिटी आगरा रोहन पी बोत्रे बताते हैं कि यहां आने वाले विदेशी पर्यटकों को ताजमहल पर ड्रोन उड़ाना प्रतिबंधित की जानकारी नहीं होती थी। यही कारण था कि जब ड्रोन उड़ाते वक्त विदेशी पर्यटक को पकड़ा जाता था तो विदेशी पर्यटक इस बात से पल्ला झाड़ लेता था कि ताज पर ड्रोन उसने जानबूझकर नहीं उड़ाया है। इससे पहले भी ताज पर ड्रोन उड़ाने के मामले में कई बार आगरा पुलिस ने मुकदमा भी दर्ज किया है। एसपी सिटी आगरा कहते हैं कि यहां आने वाले विदेशी सैलानी आराम से ताज का दीदार कर सके, ताज का लुत्फ उठा सकें, सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों का पालन हो और ताज की सुरक्षा को कोई खतरा न हो। इस संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए ताजमहल के चारों ओर और यहां शिल्पग्राम और होटल पर भी फ्लेक्स और स्टैंडी लगाए गए हैं।

सोमवार से आगरा पुलिस ने इस अभियान की एक बड़ी शुरुआत की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। आसपास के प्रभारी निरीक्षक और ताज सुरक्षा में लगे कर्मियों, होटल व्यवसायियों और रेस्तरां के स्वामियों को भी इस बारे में जानकारी दे दी गई है।

Related Articles