Home » लुटेरी सफेद स्विफ़्ट कार ने मचाई सनसनी, 2 घंटे में दो बड़ी लूट की वारदात

लुटेरी सफेद स्विफ़्ट कार ने मचाई सनसनी, 2 घंटे में दो बड़ी लूट की वारदात

by admin

आगरा। एत्मादपुर क्षेत्र में दिनदहाड़े एक Swift कार सवार बदमाशों ने 2 घंटे के अंतराल में दो लूट की बड़ी वारदातों को अंजाम देकर हड़कंप मचा दिया। सूचना पाकर थाना एत्मादपुर पुलिस चक्करघिन्नी बनी रही तो वहीं राहगीरों में वारदातों के बाद सनसनी दिखाई दी।

दरअसल पहली घटना दोपहर करीब 2 बजे की है। जब 55 वर्षीय ज्ञान सिंह ट्रांसपोर्ट नगर से इटावा के लिए लौट रहा था तो वह रामबाग चौराहे पर वाहनों का इंतजार कर रहा था तभी एक सफेद स्विफ्ट उसके पास आकर रुकी और उसे फिरोजाबाद तक छोड़ने की कहकर कार में बैठा लिया। शहर खत्म होते ही कार में बैठी युवती ने ज्ञान सिंह के पैंट की जेब में रखे 32 हज़ार रूपए जेब काटकर निकाल लिए। इसकी जानकारी ज्ञान सिंह को होते ही उसने बदमाशों का विरोध करना शुरू किया तो सुनसान देख झरना नाले छलेसर के निकट अधेड़ को कार से उतार कर फरार हो गए।

वहीं दूसरी घटना करीब 4 बजे की है। फिरोजाबाद निवासी बिजेंद्र अपनी पत्नी के साथ अपने पुत्र का बी.टेक. में एडमिशन कराने के लिए रुपए ले जा रहे थे और कुबेरपुर के यमुना एक्सप्रेसवे पुल के नीचे वाहनों का इंतजार करने लगे। काफी देर तक कोई वाहन नहीं आया तो एक Swift कार आकर रुकी और लिफ्ट के बहाने दंपत्ति को कार में बैठा लिया। पीड़ित विजेंद्र ने बताया कि करीब 100 मीटर चलने के बाद कार में बैठी युवती ने उसके पैंट पर हाथ मारा और जेब काटकर जेब में रखे 1 लाख निकाल लिए। जिसका उन्होंने विरोध किया तो कार रोककर दोनों दंपत्ति को उतार दिया। अधेड़ दंपत्ति ने वारदात की सूचना डायल हंड्रेड को दी जिसके बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना पाकर क्षेत्राधिकारी एत्मादपुर और थाना अध्यक्ष एत्मादपुर घटनास्थल पर पहुंच गए और वाहनों की चेकिंग करना शुरू कर दिया। घटना की जानकारी होते ही SP पश्चिम अखिलेश नारायण भी मौके पर पहुंच गए और घटना की जांच शुरू कर दी।

2 घंटे के अंतराल में हुई दो बड़ी लूट की वारदातों ने पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा दिया है तो वहीं क्षेत्र में बढ़ रही लूट की घटनाएं पुलिस की मुस्तैदी पर सवालिया निशान खड़ा कर रही हैं। घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर जगह-जगह बैरीकेडिंग लगा कर पुलिस ने चेकिंग करना शुरू कर दिया है।

Related Articles

Leave a Comment