आगरा। थाना नाई की मंडी में बिगत 10 फरवरी को बीके शूज में हुई करीब ₹20 लाख की चोरी का पुलिस ने आज खुलासा कर दिया। पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है जिसमें घटना का मास्टरमाइंड राजेश भी पकड़ा गया है। राजेश बीके शूज में 8 वर्ष पूर्व नौकरी करता था। गिरफ्तार अभियुक्तों से चोरी में गए 20 लाख रुपए में से 12 लाख 49 हजार रुपए बरामद कर लिए हैं।
दरअसल बीके शूज कम्पनी में 10 फरबरी की रात को अज्ञात चोरों द्वारा गैस कटर से गेट काट कर करीब 20 लाख रुपये चोरी किए गए थे। यह पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी में कैद हो गया था जिसके आधार पर पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी थी और 3 दिन के अंदर ही पुलिस ने इस चोरी की घटना का पर्दाफाश कर दिया।
एसपी सिटी प्रशांत वर्मा ने बताया कि घटना को अंजाम तीन चोरों द्वारा दिया गया था। जिनमें से घटना के मास्टरमाइंड राजेश सहित दो लोग गिरफ्तार किए गए है औऱ उनसे चोरी की रकम में से 12 लाख 49 हजार बरामद किए है। फरार अभियुक्त की तलाश जारी है।