Home » सिंकन्दरा गेस्ट हाउस में महिला की हुई हत्या की गुत्थी सुलझी, प्रेमी निकला आरोपी

सिंकन्दरा गेस्ट हाउस में महिला की हुई हत्या की गुत्थी सुलझी, प्रेमी निकला आरोपी

by admin

आगरा। सिकंदरा गेस्ट हाउस में रविवार को महिला की हुई हत्या मामले की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले के हत्यारोपी को 24 घंटे के अंदर ही दबोच लिया। बताया जाता है कि हत्यारोपी इस घटना को अंजाम देने के बाद आगरा से फरार होने की फिराक में था लेकिन छानबीन और सूत्रों से मिली जानकारी पर पुलिस ने उसे धर दबोच लिया। महिला की हत्या करने वाला कोई और नहीं बल्कि उसका प्रेमी था जिसने मृतिका से अपना पिंड छुड़ाने के लिए इस घटना को अंजाम दिया।

सोमवार को सिकंदरा थाना क्षेत्र में स्थित सिकंदरा गेस्ट हाउस में एक महिला का शव मिला था जिसकी जांच पड़ताल के दौरान मृतक महिला की शिनाख्त प्रीति बघेल निवासी बाई पुर सिकंदरा के रूप में हुई थी। इस घटना की जांच पड़ताल के लिए पुलिस ने मृतका का फोन भी खंगाला जिसमें लाखन नाम के व्यक्ति का नंबर निकला। इसके साथ ही गेस्ट हाउस के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले और उन्ही कर आधार पर कार्यवाही शुरू की।

मृतका का पति टेंपो चालक है और उसकी तीन बेटियां हैं। बड़ी बेटी 18 साल की है। पुलिस ने प्रीति की कॉल डीटेल निकाली जिनमें पता चला कि उसने नगला बूढ़ी निवासी लाखन सिंह से कई बार बात हुई है। हत्या की सुबह भी मृतका की उसी से बात हुई। पुलिस ने लाखन की लोकेशन की जांच की और उसे डौकी से गिरफ्तार किया।

पुलिस को पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतका प्रीति से उसके प्रेम संबंध थे। वह उससे पैसे मांगा करती थी। लाखन की 17 सितंबर को नौकरी चली गई, इस कारण प्रीति को पैसे नहीं दे पा रहा था। प्रीति उससे 80 हजार रुपये तक ले चुकी थी। उसने प्रीति से दूरी बनानी शुरू की तो उसने किसी और लड़के से बात करनी शुरू कर दी। इससे नाराज लाखन ने प्रीति को मारने की प्लानिंग की और उसे अंजाम दिया।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह प्रीति को गेस्ट हाउस ले गया और वहां फर्जी आईडी पर कमरा लिया। इस दौरान उसने प्रीति की हत्या की और फरार हो गया। गेस्ट हाउस के सीसीटीवी में वह प्रीति के साथ कैद हो गया था इसलिए आगरा से भागने की फिराक में था।

Related Articles