Home » शादी समारोह से वापस घर लौटने पर महिला को बदमाशों ने मारी गोली

शादी समारोह से वापस घर लौटने पर महिला को बदमाशों ने मारी गोली

by admin

आगरा। थाना कागारौल के गांव नगला परमाल में शुक्रवार आधी रात उस समय अफरा तफरी मच गई जब रिश्‍तेदारों के यहां शादी समारोह में भाग लेकर घर वापस पहुंची महिला को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर महिला का पति नेत्रपाल अंदर पहुँचा तो बदमाश भाग गए। खून से लथपत पत्नी को तुरंत परिजन निजी हॉस्पिटल लेकर पहुँचे जहाँ उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते पुलिस भी मौके पर पहुँच गयी और इस मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस के आलाधिकारियों ने शनिवार तड़के से ही पुलिस की कई टीमें सक्रिय कर बदमाशों की तलाश जारी कर दी।

बताया जाता है कि नगला परमाल निवासी शिक्षक नेत्रपाल और उनकी पत्नी रेखा (28 वर्ष) शुक्रवार की रात परिचित के यहां पास के गांव में शादी समारोह में शामिल होने गए थे। नेत्रपाल पत्नी को आधी रात के बाद बाइक से छोड़ने के लिए घर आए थे। उन्‍हें घर के दरवाजे पर छोड़ने के बाद वह बाइक से कुछ ही दूर गए होंगे कि इसी बीच गोली चलने की आवाज़ सुनकर वह लौटकर आए तो उन्‍होंने रेखा को घर के अंदर खून से लथपत देखा। रेखा की पीठ में गोली मारी गई थी। पुलिस को सूचना देने के बाद वे पत्‍नी रेखा को दिल्ली गेट स्थित अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने रेखा को मृत घोषित कर दिया।

पति नेत्रपाल ने पुलिस को बताया कि बदमाश घर में रखे सवा लाख रुपये लूटकर ले गए। इससे आशंका है कि बदमाश घर मेंं पहले से मौजूद थे। रेखा को अंदर आता देखकर उन्होंने भागने की कोशिश की होगी। उन्हें देखकर रेखा ने शोर मचाने या रोकने की कोशिश में उसे गोली मार दी।

घटना की जानकारी होने पर एसएसपी बबलू कुमार घटना स्थल पहुँच गए। पुलिस लूटपाट के अलावा हत्या की घटना की कई पहलुओं से जांच कर रही है। फोरेंसिक टीम को घटनास्थल पर कुछ चीज़ें मिली हैं। इससे पुलिस को उम्मीद है कि वह जल्द ही रेखा की हत्या करने वालों तक पहुंच जाएगी। एसएसपी बबलू कुमार ने हत्याकांड का पर्दाफाश करने के लिए कई टीम लगाई है। परिजनों से बात कर जानकारियां जुटाई जा रही है।

Related Articles