Home » Agra में खुला मंडल का पहला Cyber Crime थाना, मामलों को निपटाने में आएगी तेज़ी

Agra में खुला मंडल का पहला Cyber Crime थाना, मामलों को निपटाने में आएगी तेज़ी

by admin

आगरा। साइबर क्राइम को अंजाम देने वाले अपराधियों पर अब तेजी के साथ कार्यवाही होगी। साइबर क्राइम के मामले अब तेजी के साथ निपटाए जाएंगे क्योकि पुलिस लाइन में रेंज का पहला साइबर क्राइम थाना खुल गया है। शुक्रवार को एडीजी अजय आनंद ने फीता काटकर साइबर क्राइम थाने का शुभारंभ किया है। अब साइबर अपराध से संबंधित सभी मामलों की सुनवाई इसी थाने में की जाएगी। मुकदमे भी दर्ज किए जाएंगे। आरोपियों को पकड़ने के लिए अलग से टीम भी होंगी। इस दौरान आईजी ए सतीश गणेश और एसएसपी बबलू कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

बताते चले कि पुलिस लाइन में यातायात निरीक्षक के कार्यालय के पास साइबर क्राइम थाना तैयार किया गया। जिस भवन में थाना खुल रहा है, उसमें हवालात की व्यवस्था नहीं है। इस कारण जनपद न्यायालय के नजदीक के थाना में आरोपियों को गिरफ्तारी के बाद रखा जाएगा। इस साइबर थाना में तीन दरोगा और आठ सिपाहियों को अस्थायी रूप से संबद्ध किया गया है। रेंज के आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी के मामलों को दर्ज किया जाएगा। पुलिसकर्मियों के पास अपना वाहन और तकनीकी जांच के लिए टीम होगी। इस थाने में एक निरीक्षक, चार उपनिरीक्षक, 20 आरक्षी और पांच अनुवर्ती स्टाफ का नियतन निर्धारित किया गया है।

आईजी ए सतीश गणेश ने बताया कि यह थाना सामान्य थानों की तरह काम करेगा। जीडी में कर्मचारियों का दैनिक कार्य अंकित होगा। रवानगी और वापसी लिखी जाएगी, कर्मचारी वर्दी में रहेंगे। सहायक पुलिस अधीक्षक या सीओ को पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी होगी। चार पहिया वाहन दिया जाएगा। रिवाल्वर और पिस्टल के साथ कंप्यूटर सहित अन्य उपकरण लगाए जा रहे हैं।

सीसीटीएनएस के नोड से पहले जनपद के एक थाना में एफआईआर दर्ज होगी। सीसीटीएनएस पर नोड के क्रियान्वयन के बाद साइबर क्राइम थाना में एफआईआर दर्ज कर ली जाएंगी। टेक्निकल असिस्टेंट टीम भी बनाई गई है, जो रेंज में होने वाले साइबर क्राइम के मामलों की विवेचना मेें मदद करेगी।

एसआई मोहित वर्मा, चेतन कुमार भारद्वाज और आशीष मलिक हैं। वहीं सिपाही प्रिंस भाटी, शुभम, रिषभ कुमार, पवन कुमार, रवि मिश्रा, शैलेंद्र कुमार, प्रवेश कुमार शर्मा और अभिषेक कुमार संबद्ध किए गए हैं।

Related Articles