आगरा। थाना ताजगंज के अंतर्गत श्यामो गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब एक खेत के पेड़ पर युवक-युवती के शव रस्सी के फंदे से लटके हुए मिले। घटना की जानकारी गांव में जंगल में आग की तरह फैल गयी और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुटना शुरू हो गयी। इस घटना की जानकारी पुलिस को होते ही क्षेत्रीय पुलिस के साथ पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुँच गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलीस के आलाधिकारी ने फोरेंसिक टीम को बुला लिया। युवक युवती के शव मिलने की सूचना पर दोनों के स्वजन भी मौके पर पहुँच गए और दोनों की शिनाख्त हो पाई। मृतक की शिनाख्त मानसिंह और मृतका की शिनाख्त रीतू के रुप मे हुई। पुलिस ने कानूनी कार्यवाही कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जाँच पड़ताल शुरू कर दी।
मामला थाना ताजगंज के श्यामो गांव का है। रोज की तरह लोग खेतों की ओर दौड़ लगाने के लिए गए थे। रास्ते मे एक खेत के पेड़ पर युवक-युवती के शव फंदे पर लटका देखकर सभी के होश उड़ गए। इसकी जानकारी गांव के लोगों को दी। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी। दोनों ने एक ही रस्सी से फंदा लगाया था।
मृतक युवक की शिनाख्त मान सिहं (25 वर्ष) पुत्र सत्यभान और युवती की शिनाख्त रीतू के रूप के हुई। दोनो ही ताजगंज के ही गांव बुढ़ेरा का रहने वाले थे। मौके पर पहुँचे स्वजनों ने पुलिस को बताया कि मान सिंह और युवती शुक्रवार की रात से घर से गायब थे। परिवार के लोग दोनों की तलाश कर रहे थे। मान सिंह गांव के ही एक प्राइवेट स्कूल में शिक्षक था। वह शादीशुदा और एक बच्चे का पिता है।
पुलिस के अनुसार प्रथमदृष्टया मामला प्रेम संबंधों का है। मृतकों के परिजन भी दोनों के सुसाइड करने की बात कह रहे हैं। पुलिस इस मामले में सुसाइड और ऑनर किलिंग दोनों पहलुओं को लेकर जांच पड़ताल में जुट गई है जिससे इस घटना की गुत्थी सुलझ सके।