Home » यमुना एक्सप्रेसवे पर दो किशोरों के शव मिलने से मचा हड़कंप, हत्या कर फेंका गया, जांच शुरू

यमुना एक्सप्रेसवे पर दो किशोरों के शव मिलने से मचा हड़कंप, हत्या कर फेंका गया, जांच शुरू

by admin
The bodies of two teenagers found on Yamuna Expressway created a stir, were murdered, investigation started

आगरा/मथुरा। मंगलवार की सुबह धनतेरस के पावन पर्व पर यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 74 और 78 पर दो बालकों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों बालकों की बेरहमी से हत्या की गई है। माइलस्टोन 78 पर कंटीले तारों पर 13 साल के बालक को लटकाया गया जबकि नौ साल के बच्चे के शव को कंटीले तारों के पास फेंका गया। घटना की जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुँच गयी और कानूनी कार्यवाही करते हुए बालकों की शिनाख्त में जुट गई। पुलिस के अनुसार दोनों मृतक बालक भाई लग रहे हैं।

आपको बताते चले कि ग्रामीण जब सुबह पहले निकले तो उन्हें माइलस्टोन 78 के समीप कंटीले तारों पर बालक का शव लटका हुआ मिला। यहां मृत बालक की जींस तारों में फंसी हुई थी। वह उल्टा लटका हुआ था। सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने शव देखा तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस जांच में जुटी ही थी। इस बीच माइलस्टोन 74 पर एक और बालक का शव मिलने की सूचना मिली। यहां शव एक्सप्रेसवे के किनारे झाड़ियों में पड़ा मिला।

माइलस्टोन 78 कोतवाली सुरीर और माइलस्टोन 74 थाना नौहझील क्षेत्र में आता है। आशंका जताई जा रही है कि दोनों बालकों की हत्या करके शव लटकाया और फेंका गया है। दोनों के सिरों पर भारी चीज से हमला कर हत्या की गई है। गले पर भी निशान मिले हैं। हालांकि अभी तक दोनों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।

शव मिलने की जानकारी पर मथुरा एसएसपी डॉ गौरव ग्रोवर और एसपी ग्रामीण श्रीशचंद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एसएसपी ने पुलिस टीम को शवों की शिनाख्त के साथ खुलासे के निर्देश दिए हैं। कोतवाल नौहझील सदुवनराम गौतम ने बताया कि शिनाख्त के बाद ही हत्या का खुलासा हो सकेगा। यह तो साफ है कि दोनों की हत्या की गई है।

Related Articles