Home » भाजपा ने तोड़ी विपक्षियों की कमर, महापौर नवीन जैन के नेतृत्व में विपक्ष और निर्दलीय पार्षदों ने ली भाजपा की सदस्यता

भाजपा ने तोड़ी विपक्षियों की कमर, महापौर नवीन जैन के नेतृत्व में विपक्ष और निर्दलीय पार्षदों ने ली भाजपा की सदस्यता

by pawan sharma

आगरा। विपक्षी दलों से कई नेताओं और कार्यकर्ताओं का भाजपा में शामिल होने का सिलसिला लगातार चल रहा है। इसी क्रम में अब आगरा में विपक्षी दलों के नगर निगम के कई पार्षदों ने भी अपनी पार्टी छोड़ भाजपा पार्टी का दामन थाम लिया है। रविवार को जयपुर हाउस स्थित भाजपा ब्रज क्षेत्र कार्यालय पर महापौर नवीन जैन के नेतृत्व में निर्दलीय सहित विपक्षी दलों के लगभग सात पार्षदों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। आगरा सुरक्षित लोक सभा सीट प्रत्याशी प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल और महानगर अध्यक्ष विजय शिवहरे ने निर्दलीय और विपक्षी दलों से आए सभी पार्षदों को भाजपा की सदस्यता दिलाई और पार्टी की पट्टिका और माला पहनाकर स्वागत अभिनंदन किया।

भाजपा में शामिल होने वाले पार्षदों में वार्ड 36 से संतोषी शर्मा, वार्ड 57 से उषा इंदोलिया, वार्ड 63 से भवतोष चौधरी, वार्ड 79 से राकेश जैन, वार्ड 90 से विमल गुप्ता, वार्ड 99 से रवि बिहारी माथुर और वार्ड 87 से रवि शर्मा आदि हैं। पार्षदों के अलावा विपक्षी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी भाजपा में शामिल हुए जिसमें मुलायम यूथ बिग्रेड के अध्यक्ष आशीष गोयल, संजय वर्मा, शोभित और निर्मल जैन ने सपा पार्टी छोड़ भाजपा का दामन थामा।

इस मौके पर महापौर नवीन जैन का कहना था कि भारतीय जनता पार्टी क्षेत्रवाद और जातिवाद की नीति से ऊपर उठकर सबका साथ सबका विकास की नीति पर काम करती है। वहीं माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र भाई मोदी जी के नेतृत्व में ऐसी सरकार बनी है जो समाज और राष्ट्र के हित में सोचती है। यही कारण है कि विपक्षी दलों के तमाम नेता और कार्यकर्ता हमारी पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर भारतीय जनता पार्टी का हाथ थाम रहे हैं और 2019 के लोकसभा चुनाव में फिर से श्री नरेंद्र भाई मोदी जी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाने के लिए सभी एकजुट हो रहे हैं। महापौर नवीन जैन का कहना था कि आगरा सरजमीं पर भाजपा अब एक मजबूत पार्टी बन गई है। क्योंकि प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से विपक्षी दलों के नेता भी भाजपा प्रत्याशी का समर्थन कर रहे हैं। इसलिए आगरा में अब यह चुनाव सिर्फ नाम के लिए रह गया है और भाजपा प्रत्याशी प्रो. एसपी सिंह बघेल निश्चित ही लाखों वोट से जीत कर लोकसभा सीट फतह करेंगे।

वहीं भाजपा प्रत्याशी प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल का कहना था कि भाजपा किसी के साथ भेदभाव नहीं करती है इसलिए विपक्षी पार्टियों से आए सभी पार्षदों को उसी सम्मान से देखा जाएगा जिस सम्मान से भाजपा पार्टी अपने पार्षदों को देखती है। एसपी सिंह बघेल ने महापौर नवीन जैन को बधाई देते हुए कहा कि नगर निगम में अब भाजपा पार्षदों की संख्या बहुमत से भी अधिक हो गई है। जाहिर है कि आप के नेतृत्व में आगरा नगर निगम पहले से भी अधिक शहर में विकास कार्यों की गंगा बहाएगा।

इस मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेताओं में अजय जयसवाल, राम कुमार खंडेलवाल, दीपक ढल, पार्षद दल के सचेतक प्रकाश केसवानी, पार्षद प्रदीप अग्रवाल, पार्षद अमित ग्वाला, रिंकू जैन, शोभित खंडेलवाल आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Comment