Home » महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध पर चिंतित दिखी राज्य महिला आयोग सदस्य

महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध पर चिंतित दिखी राज्य महिला आयोग सदस्य

by admin

मथुरा। महिला आयोग की सदस्य रामसखी कठेरिया ने लोक निर्माण विभाग के सभाकक्ष में महिलाओं की समस्या को लेकर जनसुनवाई की। इस दौरान तकरीबन 15 पीड़ित महिलाओं ने महिला आयोग की सदस्या को अपनी समस्या से अवगत कराया। रामसखी कठेरिया ने समस्याओं को सुन सम्बंधित अधिकारियों को इन मामलों में निष्पक्ष कार्यवाही के निर्देश दिए।

जन सुनवाई के दौरान थाना रिफाइनरी की पीड़िता मिथिलेश रोते हुए महिला आयोग की सदस्या के सामने पेश हुई। उसने बताया कि उसकी शादी पलवल हरियाणा में हुई थी। उसके सुसराल पक्ष के व्यक्तियों द्वारा 10 लाख रूपये की मांग की गयी और पैसे न देने पर उसके साथ जमकर मारपीट की गयी। उसने किसी तरीके से अपने मायके आकर जान बचाई। वहीं कृष्णा नगर की मुन्नी देवी ने अपनी व्यथा सुनाते हुए कहा कि उसके पति की मृत्यु 5 वर्ष पूर्व कैंसर से हो गयी थी। देवर ने मदद की लेकिन अब देवर पति पर खर्च की गई धनराशि ब्याज सहित मांग रहा है। देवर द्वारा उसका सारा सामान जब्त कर लिया गया है और निरंतर घर से बाहर भगाने का प्रयास किया जा रहा है। फरह की महिला द्वारा गांव के अर्जुन नामक व्यक्ति पर 2 लाख रू0 का लोन कराने का झाँसा देकर 20 हजार रुपये ठगने की शिकायत की।

इस दौरान सभी पीड़ित महिलाओं ने महिला आयोग की सदस्य से साफ कहा कि उनकी थाने चौकी पर सुनवाई नही होती है जिससे अपराध करने वालों के हौंसले भी बुलंद है।

महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध को लेकर और उनकी मदद के बजाए उन्हें ही परेशान किये जाने पर महिला आयोग सदस्या नाराज दिखाई दी और सख्त लहजे में अपनी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उनका कहना था कि शासन की मंशा है कि 50 प्रतिशत आबादी वाली महिलाओं को पढ़ा लिखाकर सशक्त बनाया जाय लेकिन यहाँ उल्टा ही हो रहा है। महिलाओं के प्रति अपराध बढ़ रहे है और पुलिस उचित कार्यवाही भी नही कर रही है। महिला आयोग की सदस्य रामसखी कठेरिया ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वह महिलाओं की समस्याओं पर विशेष ध्यान दे और उनका निस्तारण करने के लिए तुरंत कार्यवाही करें।

इस अवसर पर पुलीस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार, महिला थाने की इन्सपेंक्टर, जिला प्रोबेशन अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles