आगरा। ताउम्र आपस में मोहब्बत बनी रहे इस सोच के साथ आज ताजनगरी में चार विदेशी जोड़ो ने हिन्दू रीति रिवाज से शादी की। ताजनगरी के एक छोटे से मंदिर में सज-धज कर ढोल की थाप पर नाचते गाते आये जोड़ों और बारातियों ने हिन्दू संस्क्रति का पाठ पढ़ा और जीवन भर साथ रहने की कसमें खाई।
मैक्सिको के रहने वाले कुछ दोस्तों को हिंदुस्तान में शादी के रीति रिवाज इस कदर पसंद आये कि उन्होंने मोहब्बत की निशानी ताजमहल का दीदार कर हिन्दू तौर तरीकों से शादी कर ली। शादी करने वाले चारों जोड़े पहले से ही शादीशुदा थे पर उन्हें हिन्दू रीतिरिवाज और भारतीय संगीत बहुत पसंद था।उनका सोचना था कि भारत में हिन्दू तरीके से शादी करने पर ताउम्र उनका प्यार बना रहेगा और इसी सोच के साथ उन्होंने ताजनगरी में आकर विवाह किया।
मैक्सिको के रहने वाले डीनो -तालजे, खोरखे-लिलियाना, मानुवल-आल्मा और रामोन-मारिया ने अपने साथियों के साथ आज सुबह आगरा आकर सबसे पहले ताजमहल देखा और फिर हिन्दू धर्म के अनुसार दुल्हन और दूल्हे के परंपरागत लिबास में आगरा के ताजगंज में प्रियदेवदर्शन हनुमान मंदिर में आकर शादी रचाई।
इस दौरान उनके साथ आये आना, लोली, मेघान्ता, सांधरा, आरियाना, लतीशीया, लूलू, अलीशिया, अंजलिया और उगो ने बाराती और घरातियों की रस्म निभाई। अंत मे सबने पंडित का आशीर्वाद लेकर अपने जीवन की नई शुरुआत की। शादी के बाद एक आकर्षक भोज आगरा के प्रिया रेस्टोरेंट में हुआ जिसमें उनके साथ गाइड, ड्राइवर और अन्य साथी भी शामिल हुए।
विदेशी जोड़ों की शादी के लिए सभी इन्तजामात एक टूर कंपनी के मालिक ने की।