Home » मैनपुरी चौराहे पर सरेराह व्यापारी को मारी गोली, मौके पर मौत

मैनपुरी चौराहे पर सरेराह व्यापारी को मारी गोली, मौके पर मौत

by admin

फिरोजाबाद। शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के मैनपुरी चौराहे पर बीती देर रात बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने फल विक्रेता की गोली मारकर हत्या कर दी। सरेराह व्यापारी को गोली मारने से बाजार में हड़कंप मच गया। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना क्षेत्रीय पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही थाना शिकोहाबाद पुलिस मौके पर पहुंच गयी। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाया और शव को कब्जे में लेकर देर रात पोस्टमार्टम के लिये जिला अस्पताल भेज दिया।

बताया जा रहा है कि थाना शिकोहाबाद क्षेत्र के लक्ष्मी नगर निवासी 28 वर्षीय सोनू पुत्र श्यामपाल सिंह चौहान फलों का ठेला लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह बीती देर रात्रि अपने केले के ठेले को घर ले जाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान बाइक सवार दो लोग आये और गाली गलौज करते हुये सोनू के ऊपर तीन फायर कर दिये जिससे सोनू के सिर में गोली लग गयी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा।

इस घटना को अंजाम देकर बाइक सवार बदमाश मौके से फरार हो गये। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग इधर-उधर भागने लगे। थोड़ी देर में ही मैनपुरी चौराहे पर अफरा-तफरी मच गयी। आसपास के लोगों की भीड़ एकत्रित हो गयी। लोगों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दे दी। घटना की जानकारी होते ही एसएसपी सचिन्द्र पटेल, एसपी ग्रामीण राजेश कुमार सहित थाना शिकोहाबाद पुलिस भी मोके पर पहुंच गयी।

स्थानीय लोगों ने बताया जा रहा है कि दोपहर में अज्ञात लोगों का फल विक्रेता से विवाद हुआ था। उसके बाद देर रात यह घटना हो गयी। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। बताया जाता है कि मृतक की शादी छह साल पहले हुई थी। उसके परिवार में माता पिता, पत्नी बिटटो सहित दो बच्चे एक चार साल की लड़की शुभी दो साल का लड़का शिवांग है जिनके जीवन यापन की जिम्मेदारी सिर्फ मृतक के कंधों पर ही थी।

इस घटना के बाद से पुलिस ने भी शहर में नाकाबंदी कर हत्यारो की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए है जिससे इस हत्याकांड का खुलासा जल्द से जल्द हो सके।

Related Articles

Leave a Comment