Home » राजबब्बर ने ली हार की जिम्मेदारी, राहुल गांधी को भेजा इस्तीफा

राजबब्बर ने ली हार की जिम्मेदारी, राहुल गांधी को भेजा इस्तीफा

by pawan sharma

आगरा। लोकसभा चुनाव 2019 में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन से पार्टी कार्यकर्ताओं के होश उड़े हुए हैं। उत्तर प्रदेश में पार्टी की बुरी तरह से हुई हार की जिम्मेदारी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने ले ली है और इसके लिए अपना इस्तीफा राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को भी भेज दिया है।

लोकसभा चुनाव 2019 में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी महज एक सीट ही जीत सकी है और वो सीट कांग्रेस पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की थी। सोनिया गांधी ने रायबरेली से जीत हासिल की। इतना ही नही कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी यूपी की अमेठी सीट से इस चुनाव मैदान में थे लेकिन यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अपने पार्टी अध्यक्ष की सीट नही बचा सके।

यूपी अध्यक्ष राज बब्बर खुद फतेहपुर सीकरी सीट से चुनावी मैदान में थे लेकिन उन्हें भी इस चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। कांग्रेस यूपी अध्यक्ष राजबब्बर भाजपा के राजकुमार चाहर से करीब तीन लाख वोटो से इस चुनाव में शिकस्त मिली है।

कांग्रेस नेतृत्व ने यूपी अध्यक्ष राज बब्बर को मुरादाबाद से प्रत्याशी बनाया था, लेकिन उन्होंने हाई कमान से वहां से चुनाव लड़ने से मना कर दिया था और फतेहपुर सीकरी से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी जिसके बाद वो फतेहपुर सीकरी से चुनावी मैदान में उतरे थे। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष राजबब्बर ने प्रदेश में इस करारी शिकस्त की जिम्मेदारी ली और शीर्ष नेतृत्व को अपना इस्तीफा भेज दिया।

यूपी अध्यक्ष ने अपने इस्तीफे की जानकारी ट्वीट के माध्यम से दी। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर ने ट्वीट कर कहा, “जनता का विश्वास हासिल करने के लिए विजेताओं को बधाई। यूपी कांग्रेस के लिए परिणाम निराशाजनक हैं। अपनी जिम्मेदारी को सफल तरीके से नहीं निभा पाने के लिए खुद को दोषी पाता हूं। नेतृत्व से मिलकर अपनी बात रखूंगा।”

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के इस्तीफे की पेशकश के बाद से यूपी कांग्रेस में हलचल मची ही है। वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि इस निराशा जनक हार के बाद यूपी अध्यक्ष पर गाज गिरना तय था। अब स्थानीय स्तर के संगठन पर भी गाज गिरना लगभग तय है क्योंकि स्थानीय संगठन की रिपोर्ट भी कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व को भेजी गई है।

Related Articles

Leave a Comment