Home » कांग्रेस हाईकमान द्वारा समानांतर संगठन को फ़र्ज़ी बताने पर ‘राहुल-प्रियंका गांधी सेना’ ने किया ये पलटवार

कांग्रेस हाईकमान द्वारा समानांतर संगठन को फ़र्ज़ी बताने पर ‘राहुल-प्रियंका गांधी सेना’ ने किया ये पलटवार

by admin

आगरा। पिछले दिनों कांग्रेस हाईकमान द्वारा कई समानांतर संगठनों को फ़र्ज़ी बताए जाने को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट के पास एमजी रोड स्थित कार्यालय पर राहुल प्रियंका गांधी सेना कांग्रेस के पदाधिकारियों की ओर से पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। इस पत्रकार वार्ता को राहुल प्रियंका गांधी सेना कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष हाजी जमीलउद्दीन कुरेशी ने संबोधित किया।

संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष हाजी जमीलउद्दीन कुरेशी ने कहा कि राहुल प्रियंका गांधी सेना कांग्रेस संपूर्ण उत्तर प्रदेश के जनपदों सहित पूरे भारत में संगठन खड़ा कर कांग्रेस और देशवासियों के पक्ष में पूरे आत्मविश्वास और समर्पित भावना से लड़ रही है। यह कांग्रेस का फ्रंटल संगठन नहीं है बल्कि यह जगदीश शर्मा द्वारा बनाई गई कांग्रेस के समर्पित, क्रियाशील सेनानियों का एक संगठन है। कांग्रेस की नीतियों विचारों और सिद्धांतों के अनुरूप कांग्रेस को शक्ति और समर्थन देने के लिए संकल्पित है।

प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि जो तथाकथित लोग इसको फर्जी संगठन बता रहे हैं वह स्वयं कुछ माह पूर्व अन्य दलों से एक षड्यंत्र के तहत कांग्रेस को कमजोर करने से उद्देश्य से पार्टी में शामिल होकर कांग्रेस हाईकमान को गुमराह कर पदों पर आसीन हो गए है और पार्टी को कमजोर करने का काम कर रहे हैं लेकिन सेना उनके मंसूबों को कभी कामयाब नहीं होने देगी। जल्दी उनके चेहरे से नकाब उठा कर सच्चाई सबके सामने लाने का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ राहुल प्रियंका गांधी सेना कांग्रेस की प्रशंसा कर उज्जवल भविष्य की कामना कर चुके हैं। सेना का उद्देश्य किसी से प्रतिस्पर्धा करना नहीं है बल्कि यह कांग्रेस के वरिष्ठ निष्ठावान समर्पित सिपाहियों की वह फौज है जो कांग्रेस को अंदर ही अंदर मजबूत करने का प्रयास कर रही है।

मंडल अध्यक्ष नवीन कुमार वर्मा एडवोकेट का कहना था कि राहुल प्रियंका गांधी सेना राहुल गांधी को देश का प्रधानमंत्री बनाने के लिए संकल्पित है जिसको अन्य दलों से आए लोग स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं क्योंकि सेना जमीन पर उतर कर जनता के हक की लड़ाई जोरदार ढंग से लड़ रही है, फर्जी लोगों को अपनी कुर्सी जाने का डर सता रहा है जिसके कारण वे बौखलाए हुए हैं। आज सत्ता पक्ष विपक्ष शून्य भारत चाहता है जिससे वे अपनी मनमानी और तानाशाही को अंजाम दे सके किंतु आप देख रहे हैं कि विपक्ष के नाम से केवल गांधी परिवार भारत की समरसता लोकतांत्रिक मूल्य एवं परंपरा तथा भारत की अखंडता को बचाने के लिए अकेले संघर्ष कर रहे हैं। उनके संघर्ष को सेना के कार्यकर्ता आगे बढ़ा रहे है।

जिला अध्यक्ष विकास शर्मा ने कहा कि आज भारत का लोकतंत्र संप्रभुता खतरे में है और सरकार सभी मुद्दों को उठाने से रोकने के लिए हमारी नेताओं पर दमन के लिए तमाम हथकंडे अपनाते हुए नोटिस पर नोटिस भेज रही है। प्रदेश अध्यक्ष को जनहित के मुद्दे उठाने पर जेल भेज देती है ऐसे में सच्चा देशभक्त और कांग्रेस जन घर पर चुपचाप नहीं बैठ सकता। सरकार पूरी तरह असफल है देश और प्रदेश में सत्ता पक्ष की गलत नीतियों को लागू करने तथा झूठ पर झूठ बोलने से आम नागरिक के उद्योग धंधे तबाह हो गए हैं। मजदूर से लेकर व्यापारी में एक चिंता है कि अब भविष्य कैसा होगा।

महानगर अध्यक्ष दिनेश सिंह भानु का कहना है कि कोरोना जैसी वैश्विक महामारी से निपटने के लिए सरकार की कोई पूर्ण व्यवस्था नहीं थी। अचानक लॉकडाउन घोषित होने से जिस बीमारी का इलाज हो सकता था वे भी कुव्यवस्था के कारण बिना इलाज मर गए, किंतु आत्म मुग्ध सरकार अपनी पीठ ठोक रही है। देश की सीमाओं पर हमारे जवान शहीद हो रहे हैं फिर भी हुक्मरान कह रहे हैं कि सब ठीक है। राहुल प्रियंका गांधी सेना हर आम नागरिक के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। गांधीवादी तरीके से सरकार की तानाशाही का जवाब भी देगी और जनहित के मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी। सेना का उद्देश्य सोनिया राहुल और प्रियंका गांधी जी को मजबूत कर देश की अखंडता एवं देश के सर्वोच्च हितों की रक्षा करना है, न कि किसी से प्रतिस्पर्धा करना है।

प्रदेश उपाध्यक्ष हाजी जमील उद्दीन ने दोहराया कि हमारी मातृ संगठन कांग्रेस ही है। हमारी सेना केवल सक्रिय और जुझारू कांग्रेस के समर्पित सेनानियों को इकट्ठा कर मूल संगठन को शक्ति देकर सशक्त करने का काम करेगी जो राहुल गांधी को भारत का प्रधानमंत्री देखना चाहती है।

पत्रकार वार्ता में मुख्य रूप से केएस मौर्य, माया माहौर, डॉ एस पी माथुर, अजय उपाध्याय, मोहम्मद वसीम, प्रेमपाल सिंह नदीम ठेकेदार,मनीष जुम्मानी, शानू कुरैशी, संदीप सिंह आदि लोग मौजूद रहे।

Related Articles