Home » यमुना पार में जलसंकट को लेकर आप का विरोध प्रदर्शन, भाजपा विधायक का जलाया पुतला

यमुना पार में जलसंकट को लेकर आप का विरोध प्रदर्शन, भाजपा विधायक का जलाया पुतला

by admin

आगरा। थाना एत्माद्दौला में यमुना पार क्षेत्र में व्याप्त जल संकट को लेकर आम आदमी पार्टी एससी एसटी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष राजकुमार भारती के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा टेढ़ी बगिया क्षेत्र में विधायक रामप्रताप चौहान के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। आप कार्यकर्ताओं ने विधायक राम प्रताप चौहान के पुतले को जल संकट व्याप्त क्षेत्रों में भ्रमण कराया और पुतला फूंककर अपना आक्रोश व्यक्त किया। जल संकट की समस्या से परेशान लोगों ने क्षेत्रीय विधायक रामप्रताप चौहान को चुल्लू भर पानी भेंट किया और अपनी पीड़ा व्यक्त की।

आप कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कहा कि आगरा शहर में भले ही गंगाजल आ चुका हो लेकिन शहर की जनता आज भी पानी के लिए त्राहि त्राहि कर रही है। टेढ़ी बगिया के साथ यमुना पार के कई क्षेत्र वर्षो से जल संकट से जूझ रहे है लेकिन आज तक जनप्रतिनिधि इन क्षेत्रों में व्याप्त जल संकट की समस्या को दूर नहीं कर पाए है। भाजपा जन प्रतिनिधियों व संबंधित विभाग पर कोई असर नहीं हो रहा है।

आप नेता कपिल वाजपेई का कहना था कि चुनाव जीतने के बाद भी विधायक जी ने कभी भी क्षेत्र में व्याप्त जल संकट को गंभीरता से नही लिया है। टेडी बगिया और यमुना पार के क्षेत्र में पानी एक भयानक समस्या बन गया है लेकिन लोगों की इस समस्या को जानने के लिए वे क्षेत्र में नहीं पहुँचते है। जनता अपनी पीड़ा लेकर कहाँ जाए। क्षेत्र से यमुना महज 2 किलोमीटर दूर पर बह रही हैं लेकिन इसके बावजूद क्षेत्र में जलापूर्ति नहीं हो रही है। लोगों को प्राइवेट पानी के टैंकरों पर निर्भर रहना पड़ता है और महंगा पानी खरीदना पड़ता है।

आप कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह जनप्रतिनिधियों की कमी है और शासन की अनदेखी है जिसके कारण इतनी बड़ी आबादी पानी के लिए तरस रही है। लोगों को दूर दूर से पानी खरीद के लाना पड़ता है अथवा टैंकरों की सप्लाई से काम चल रहा है। इस क्षेत्र में जीवन के लिए पानी एक संघर्ष बन गया है। जब तक पानी नहीं मिलेगा। यह विरोध प्रदर्शन अनवरत रूप से जारी रहेगा।

Related Articles