Home » प्रियंका गांधी ने सीएम योगी को लिखा पत्र, मजदूर हित में 1000 बस चलवाने की मांगी अनुमति

प्रियंका गांधी ने सीएम योगी को लिखा पत्र, मजदूर हित में 1000 बस चलवाने की मांगी अनुमति

by admin

लखनऊ। लॉक डाउन के बाद अपने घर लौट रहे दर्जनों प्रवासी मजदूर सड़क हादसे का शिकार हो गए जिनमे दर्जनों प्रवासी मजदूरों ने अपनी जान तक गंवा दी है। आज भी हाइवे पर हजारों की संख्या में प्रवासी मजदूर पैदल चलते हुए और विभिन्न माध्यम से लौटते हुए दिखाई दे जाएंगे। इन पैदल जा रहे प्रवासी मजदूरों को उनके घर तक पहुँचाने की जिम्मेदारी कांग्रेस उठाना चाहती है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर दूसरे राज्यों से पैदल चले आ रहे मजदूरों के लिए बसें चलाने की अनुमति मांगी है।

प्रियंका गांधी ने पत्र में लिखा कि ‘पलायन करते हुए, बेसहारा प्रवासी श्रमिकों के प्रति कांग्रेस पार्टी अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए 500 बसें गाजीपुर बॉर्डर, गाजियाबाद और 500 बसें नोएडा बॉर्डर से चलाना चाहती है। इसका पूरा खर्चा भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (AICC) वहन करेगी। महामारी से बचने के सब नियमों का पालन करते हुए प्रवासी श्रमिकों को मदद करने के लिए 1000 बसों को चलाने की अनुमति चाहते हैं। लाखों की संख्या में उत्तर प्रदेश के मजदूर देश के कोने-कोने से पलायन कर वापस लौट रहे हैं। लगातार सरकार द्वारा की गई घोषणाओं के बावजूद पैदल आ रहे इन मजदूरों को सुरक्षित उनके घरों तक पहुंचने की कोई व्यवस्था नहीं हो पाई है। प्रदेश में अब तक करीब 65 मजदूरों की अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में मौत हो चुकी है जो कि सूबे में कोरोना से मरने वालों की संख्या से भी अधिक है।’

पत्र के अंत में उन्होंने लिखा है कि ‘राष्ट्रनिर्माता मजदूरों को इस तरह नहीं छोड़ा जा सकता है, कांग्रेस पार्टी इनकी मदद करने के लिए प्रतिबद्ध है।’

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के इस पत्र को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और विधायक दल नेता आराधना मिश्रा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री कार्यालय पहुंचकर यह पत्र सौंपा। इस मौके पर नसीमुद्दीन सिद्दीकी, आरके चौधरी और श्याम किशोर शुक्ला भी मौजूद रहे।

Related Articles