Home » प्रियंका गांधी ने यहां से शुरू की गंगा-जमुनी तहज़ीब यात्रा, नौका से तीन दिन में करेंगी 140 किमी का सफ़र

प्रियंका गांधी ने यहां से शुरू की गंगा-जमुनी तहज़ीब यात्रा, नौका से तीन दिन में करेंगी 140 किमी का सफ़र

by pawan sharma

प्रयागराज। लोकसभा चुनाव को लेकर देश में चल रही सियासी हलचलों के बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने तीन दिवसीय गंगा-जमुनी तहजीब यात्रा की शुरुआत कर दी है। इस यात्रा का समापन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में होगा। यह यात्रा इसलिए भी खास है कि प्रियंका गांधी का यह सफर नौका के जरिये पूरा होगा और वो इस बीच पहले से तय स्थानों पर रुककर वो आम लोगों से मुलाकात करेगी और उनसे संवाद भी करेगी।

इस यात्रा की शुरुआत से पहले प्रियंका गांधी वाड्रा प्रयागराज में स्थित लेटे हनुमान मंदिर पहुँची जहाँ उन्होंने विधि विधान के साथ संकट मोचन की पूजा अर्चना की। हनुमान मंदिर में दर्शन करने के बाद प्रिंयका गांधी त्रिवेणी संगम पहुंचीं जहां उन्होंने गंगा मैया की पूजा अर्चना की और मनैया घाट से अपने 140 किलो मीटर के सफर की शुरुआत की।

प्रियंका गांधी वाड्रा ने जबसे कांग्रेस महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी संभाली है उसी दिन से कांग्रेस के आधार को मजबूत करने और लोकसभा चुनाव में अच्छे नतीजे की कोशिश में जुटी हुई है। गंगा-जमुनी तहजीब यात्रा भी उसी का हिस्सा है। इसके माध्यम से वो करीब 140 किलो मीटर का सफर तय करते हुए विभिन्न स्थानों पर और गांवो व कस्बों में जाकर कार्यकर्ताओं और समाज के अलग-अलग वर्गों के लोगों से मुलाकात करेंगी और उनके मिजाज को जानेगी।

गौरतलब है कि 23 जनवरी को कांग्रेस की महासचिव-प्रभारी नियुक्त होने के बाद से प्रियंका पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से लगातार मुलाकात कर रही हैं। प्रियंका के सामने उत्तर प्रदेश में अपना जनाधार खो चुकी कांग्रेस को फिर से खड़ा करने की बड़ी चुनौती है। यात्रा शुरू करने से पहले प्रियंका ने रविवार को उत्तर प्रदेश की जनता को एक खुला खत भी लिखा। उन्होंने खत में कहा, ‘उत्तर प्रदेश के लोगों से मेरा नाता बहुत पुराना है। आज कांग्रेस पार्टी की सिपाही के रूप में मेरी जिम्मेदारी आपके सबके साथ मिलकर उत्तर प्रदेश की राजनीति को बदलने की है।

कांग्रेस के लिए इस दौरे के सांस्कृतिक मायने भी हैं। प्रयागराज में गंगा-यमुना का संगम है। ये शहर नेहरू-गांधी परिवार की विरासत की कहानी भी सुनाता है। हालांकि, बीते कई बरसों से पार्टी की पकड़ यहां कमजोर हुई है। इसलिए अब इसे मजबूत करने की कमान अपने हाथों में ली है।

प्रियंका गांधी के इस दौरे को लेकर कांग्रेस पार्टी ख़ासी उत्साहित है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि प्रियंका गांधी की यात्रा चुनावी अभियान को गति देगी और संगठन को मजबूत करेगी। इसके जरिए लोगों के मिजाज जानने, आम लोगों तक पार्टी की नीतियों को पहुँचने और पार्टी से नए वोटरों को भी साथ ला सकती है।

Related Articles

Leave a Comment