Home » महिला सशक्तिकरण को लेकर प्रेम हेल्प एंड डेवेलपमेंट सोसाइटी ने निकाली जागरूक रैली

महिला सशक्तिकरण को लेकर प्रेम हेल्प एंड डेवेलपमेंट सोसाइटी ने निकाली जागरूक रैली

by admin

फिरोजाबाद। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में प्रेम हेल्प एंड डेवलपमेंट सोसाइटी द्वारा ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ रैली निकाली गई जिसका शुभारंभ डूडा परियोजना अधिकारी सुभाषवीर राजपूत ने किया। जिला नगरीय विकास अभिकरण डूडा की सहयोगी संस्था प्रेम हेल्प एंड डेवलपमेंट सोसाइटी के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों व उनके फेडरेशन से जुड़ी शहरी गरीब महिलाओं द्वारा हाईवे स्थित सीएनजी पम्प तिराहे से शुरू हुई रैली में महिलाएं हाथों में महिला सशक्तिकरण बैनर के साथ ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ लिखी हुईं तख्तियां लेकर चल रहीं थीं। रैली में बेटा अगर अभिमान है तो बेटियां भी वरदान हैं। बेटे घर की आन हैं तो बेटी दो घर की शान हैं। बेटी को अधिकार दो बेटे जैसा प्यार दो। मां नहीं तो बेटी नहीं, बेटी नहीं तो बेटा नहीं। बेटे भाग्य से पैदा होते तो बेटियां सौभाग्य से। सृष्टि की सृजन है बेटी, हर घर का आंगन है बेटी। बेटी है तो कल है जैसे तमाम नारे गुंजायमान हो रहे थे।

इस जागरूकता रैली के समापन स्थल एफएम वाटिका पर आयोजित एक सभा में सशक्त महिलाओं ने अपने अनुभव भी साझा किए तथा अन्य महिलाओं को लघु स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने हेतु प्रेरित किया। महिला सशक्तिकरण एवं लैंगिक समानता हेतु हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया जिसमें शिक्षित व जागरूक महिलाओं ने न्यूनतम शब्दों में महिला सशक्तिकरण व बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ संबंधित अपने संदेश भी लिखे और हस्ताक्षर किए। रैली समापन स्थल एफएम वाटिका में लगाई गई विशाल प्रदर्शनी में संस्था द्वारा प्रेरित कुछ महिला समूहों ने अपने उत्पादों के स्टॉल लगाए, जहां मुख्य विकास अधिकारी नेहा जैन ने उनके स्कूल ड्रेस इत्यादि उत्पादों का अवलोकन करते हुए प्रशंसा भी की।

इस दौरान शहर मिशन प्रबंधक विनोद त्रिपाठी, शुभम गुप्ता, शहर समन्वयक दुर्वेश कुमार सिंहानियां, कम्युनिटी ऑर्गेनाइजर पंकज कुमार, रंजना कुमारी, मनीषा कुमारी, स्वयंसेवी गीता सिंह इत्यादि लोग प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

Related Articles