Home » प्रसपा परिवर्तन यात्रा : ‘सपा से गठबंधन प्राथमिकता, भाजपा बन गयी झूठी पार्टी’ – शिवपाल यादव

प्रसपा परिवर्तन यात्रा : ‘सपा से गठबंधन प्राथमिकता, भाजपा बन गयी झूठी पार्टी’ – शिवपाल यादव

by admin
Praspa Parivartan Yatra: 'Alliance with SP is priority, BJP has become a false party' - Shivpal Yadav

Agra. प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल यादव की सामाजिक परिवर्तन यात्रा का आगरा में दूसरा दिन हैं। दूसरे दिन की यात्रा की शुरुआत से पहले शिवपाल यादव ने पत्रकारों से रूबरू हुए पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने भाजपा से किसी भी तरह का गठबंधन न होने की बात कही तो वहीं समाजवादी पार्टी के गठबंधन पर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी उनकी पहली प्राथमिकता है। सपा की ओर से गठबंधन को लेकर कोई बात नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि राजनीति में संभावनाएं कभी खत्म नहीं होती हैं। चुनाव में अभी समय है और सभी विकल्प खुले हुए हैं। संभव है आगे परिणाम अच्छे होंगे।

सपा से गठबंधन पहली प्राथमिकता

पत्रकार वार्ता के दौरान प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल यादव ने कहा कि वो सभी समान विचारधारा वाले और सेक्युलर दलों से गठबंधन कर सकते हैं। मगर उनकी पहली प्राथमिकता अब भी समाजवादी पार्टी है। अगर सपा से गठबंधन हो जाए तो अच्छा है।

अलग-अलग रथ यात्रा निकलने पर दी प्रतिक्रिया

प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल यादव ने कहा कि सपा और प्रसपा दो अलग-अलग राजैनतिक पार्टियां है। इसीलिए जनता के बीच जाकर जनाधार जुटाना और चुनाव प्रचार करना दोनों के लिए महत्वपूर्ण है। इसीलिए दोनों पार्टी अलग-अलग रथ यात्रा निकाल रही है।

भाजपा को लिया आड़े हाथ

प्रेस वार्ता के दौरान प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल यादव ने भाजपा को आड़े हाथ लिया। उनका कहना था कि भाजपा पार्टी झूठ की पार्टी है। चुनाव के दौरान जो वायदे किए गए थे उनमें से एक भी वायदा आज तक पूरा नहीं हुआ है। किसान अपनी दोगुनी आय के लिए तरस रहा है, महंगाई चरम पर है और योगी सरकार में तो गुंडाराज खूब बढ़ गया है।

विपक्ष चाहे तो सरकार को उखाड़ कर फेंक सकता है

प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल यादव का कहना था कि वर्तमान केंद्र और प्रदेश सरकार ने विपक्ष को बहुत मुद्दे दिए हैं। मुद्दों की कोई कमी नहीं है। इस समय महंगाई, बेरोजगारी सबसे बड़ा मुद्दा है। केंद्र सरकार ने ऐसे-ऐसे कानून पास किए जिसकी वजह से हर वर्ग परेशान हैं। किसान 10 माह से सड़क पर है। 500 से ज्यादा किसानों की मौत हो चुकी है। प्रदेश में भय का माहौल है। गरीबी, भ्रष्टाचार चरम पर है। किसान नौजवान परेशान हैं। लेकिन इन समस्याओं को पुरजोर तरीके से नहीं उठाया जा रहा है।

सामाजिक परिवर्तन रथ यात्रा का उद्देश्य

प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल यादव का कहना था कि भाजपा सरकार के झूठ को सामने लाने के लिए उन्होंने सामाजिक रथ यात्रा की शुरुआत की है। इसी यात्रा के माध्यम से हम भाजपा की जन विरोधी नीतियों और उसके द्वारा बोले गए झूठ से आम व्यक्ति को रूबरू करा रहे हैं जिससे विधानसभा चुनाव के दौरान आम व्यक्ति भाजपा को सबक सिखा सके।

अयोध्या में होगा समापन

शिवपाल यादव ने बताया कि सामाजिक परिवर्तन रथ यात्रा भगवान श्री कृष्ण के जन्म भूमि से शुरु हुई है जो भगवान श्री राम के जन्मभूमि पर जाकर समाप्त होगी। इस रथयात्रा के दौरान की 75 जिलों में भ्रमण कर पार्टी के लिए समर्थन जुटाया जाएगा साथ ही भाजपा के झूठ से लोगों को रूबरू कराया जाएगा।

Related Articles