Home » पीएम मोदी ने रखी राजा महेंद्र प्रताप सिंह यूनिवर्सिटी की आधारशिला, ‘अलीगढ़ के हथियार करेंगे देश की सीमाओं की रक्षा’

पीएम मोदी ने रखी राजा महेंद्र प्रताप सिंह यूनिवर्सिटी की आधारशिला, ‘अलीगढ़ के हथियार करेंगे देश की सीमाओं की रक्षा’

by admin
PM Modi laid the foundation stone of Raja Mahendra Pratap Singh University, arms of Aligarh will protect the country's borders

अलीगढ़। आज मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अलीगढ़ पहुंचे जहां पर उन्होंने राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय और यूपी डिफेंस कॉरिडोर का शिलान्यास किया। इस दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित तमाम जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए बहुत बड़ा दिन है। पीएम मोदी ने कहा कि आज स्वर्गीय कल्याण सिंह होते तो काफी खुश होते। आजादी की लड़ाई में कई ऐसे योद्धा रहे, जिनका परिचय नई पीढ़ी से नहीं करवाया गया। 20वीं सदी की गलतियों को 21वीं सदी का भारत सुधार रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि ‘महाराजा सुहेलदेव जी हो, छोटूराम जी या फिर राजा महेंद्र सिंह जी, नई पीढ़ी को इनसे परिचित कराने का काम हो रहा है। देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है, इन कोशिशों को और गति दी जा रही है। राजा महेंद्र प्रताप सिंह के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता है।

पीएम मोदी ने कहा कि ‘गुजरात के सपूत श्यामजी कृष्ण वर्मा और लाला हरदयाल से मिलने के लिए प्रथम विश्व युद्ध के वक्त राजा महेंद्र सिंह यूरोप गए थे। उसी के बाद अफगानिस्तान में भारत की पहली निर्वासित सरकार बनी, इस सरकार का नेतृत्व राजा महेंद्र प्रताप सिंह ने किया था। जब मैं गुजरात का मुख्यमंत्री था, तब मुझे श्यामजी कृष्ण वर्मा की अस्थियों को वापस लाने का मौका मिला।’

पीएम मोदी ने कहा कि राजा महेंद्र प्रताप सिंह ने भारत के भविष्य की नींव तैयार की थी। उन्होंने वृंदावन में कॉलेज बनवाया, अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के लिए ज़मीन उन्होंने ही दी थी। पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत में आधुनिक हथियार बनाए जा रहे हैं, ग्रेनेड से लेकर युद्धपोत अब यहां पर ही बन रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बोले कि अभी तक लोग अलीगढ़ के ताले के भरोसे रहते थे। पीएम ने एक किस्सा सुनाया, अलीगढ़ से ताले के मुस्लिम सेल्समैन हर तीन महीने में हमारे गांव आते थे। वो काली जैकेट पहनकर आते थे, हर तीन महीने में वो आते थे। उनकी मेरे पिताजी से दोस्ती थी, वो अपने पैसों को मेरे पिता के पास छोड़ देते थे और जब वो गांव छोड़कर जाते थे तब पैसे ले जाते थे। पीएम मोदी ने कहा कि बचपन में हमने यूपी के सीतापुर और अलीगढ़ को जानते थे। अलीगढ़ के ताले पहले घरों की रक्षा करते थे, अब अलीगढ़ के हथियार देश की सीमाओं की रक्षा करेंगे।

पीएम मोदी ने कहा कि यूपी निवेश की पहली पसंद बना है, योगीजी की टीम सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र को आगे बढ़ा रही है। यूपी को पहले विकास में रुकावट के रूप में देखा जाता था, आज वहां पर ही देश के बड़े अभियानों में सबसे आगे है।

पीएम मोदी ने कहा कि 2017 से पहले गरीबों की हर योजना में रोड़े अटकाए जाते थे। एक-एक योजना लागू करने के लिए दर्जनों बार चिट्ठी लिखनी पड़ती थी। पहले यहां घोटाले होते थे, भ्रष्टाचार चरम पर था। आज योगीजी की सरकार ईमानदारी के साथ आगे बढ़ रही है। पीएम मोदी ने कहा कि पहले यहां शासन गुंडों और माफियाओं की मनमानी से चलता था, लेकिन अब माफियाराज चलाने वाले सलाखों के पीछे हैं। पश्चिमी यूपी में पहले पलायन का माहौल था, लेकिन अब यूपी में ऐसा नहीं होता है।

Related Articles