Home » भाजपा विधायक और प्रशासन के ख़िलाफ़ धरने पर बैठे लोगों ने मुंडन कर जताया आक्रोश

भाजपा विधायक और प्रशासन के ख़िलाफ़ धरने पर बैठे लोगों ने मुंडन कर जताया आक्रोश

by admin
People sitting on dharna against BJP MLA and administration expressed their anger by shaving

Agra. कई वर्षों से जलभराव का दंश झेल रहे पीड़ित लोगों ने जनप्रतिनिधियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जलभराव की समस्या को समाप्त करने के लिए लोगों ने नाले निर्माण की मांग को लेकर धरना शुरू कर दिया है। स्थानीय प्रशासन व जनप्रतिनिधियों की अनदेखी के चलते धरने पर बैठे लोगों ने मुंडन कराया और अपना आक्रोश व्यक्त किया।

मामला आगरा ग्रामीण विधान सभा का है। धनौली, अजीजपुर और उसके आसपास के क्षेत्रों में जलनिकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। गलियों और सड़कों पर जलभराव होता है। थोड़े थोड़े से यह स्थिति विकराल हो गयी है और आज वहा भीषण जलभराव हो गया है। इस समस्या के समाधान के लिए ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों व स्थानीय प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोला है। ग्रामीणों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया है और अपनी नाराजगी जताने के लिए सभी लोगों ने मुंडन कराया है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस बार आरपार की लड़ाई है। सभी पीड़ित धरने पर बैठे है और मुंडन कराकर स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को अपने मंसूबों से रूबरू करा दिया है। मुंडन कराने के दौरान लोगों में विधायक हेमलता दिवाकर को आड़े हाथ लिया। ग्रामीणों का कहना था कि आज विधायक हेमलता दिवाकर के कारण अज़ीज़पुर, धनौली और सिरोली आबादी क्षेत्र बदहाल है। कई बार जनप्रतिनिधियों व स्थानीय प्रशासन को इस समस्या से अवगत कराया जा चुका है। हर बार जनप्रतिनिधियों की तरफ से तारीख पर तारीख का खेल खेला जाता है लेकिन इस बार आरपार की लड़ाई है। समस्या समाधान न होने तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

ग्रामीणों में विधायक हेमलता दिवाकर के प्रति रोष देखने को मिला। ग्रामीणों का कहना था कि विकास कार्यों को गिनाने वाली विधायिका ने तो वादा करने के वाद भी इस समस्या का हल नहीं कराया है। वोट लेने के बाद और विधायक बनने के बाद हेमलता दिवाकर सब कुछ भूल गयी। ऐसा लगता है कि उन्हें विधायक बनाना हमारी सबसे बड़ी भूल थी।

इस विरोध प्रदर्शन के दौरान किसान नेता सावित्री चाहर ने ऐलान किया कि धरना प्रदर्शन जारी रहेगा और जनप्रतिनिधियों की अनदेखी के विरोध में अजीजपुर धनौली सिरौली गांव में रोज मुंडन होगा जिससें जनप्रतिनिधियों की हकीकत तो सामने आए। लोगों को इस प्रदर्शन की जानकारी हो और वो भी इनके झूठ के बारे में जान सके।

पीड़ित ग्रामीण वासियों का कहना है कि इस समय जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ सरकार भी गूंगी बहरी हो चुकी है लेकिन गूंगे बहरे जनप्रतिनिधियों और सरकार को कैसे जगाया जाता है यह जनता जानती है।

Related Articles