Home » गांधी जयंती पर कांग्रेसियों ने निकाली गांधी संदेश पदयात्रा

गांधी जयंती पर कांग्रेसियों ने निकाली गांधी संदेश पदयात्रा

by admin

आगरा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और सभी लोगों को सर्वधर्म सद्भाव की भावनाओं से ओतप्रोत करने के लिए शहर कांग्रेस पार्टी की ओर से गांधी संदेश पदयात्रा का आयोजन किया गया। कांग्रेस की यह पदयात्रा सभी लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी रही। इस पदयात्रा में महात्मा गांधी, कस्तूरबा गांधी और सर्व धर्म के गुरुओं के स्वरूप शामिल हुए।

शहर कांग्रेस पार्टी की यह पदयात्रा सूर सदन से शुरू हुई जो संजय पैलेस क्षेत्र में भ्रमण करती हुई शहीद स्मारक पर जाकर समाप्त हुई। इस पदयात्रा में शहर कांग्रेस के पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता गांधी के भजन ‘रघुपति राघव राजा राम, पतित पावन पावन सीता राम’ गीत गाते हुए चले तो वहीं उन्होंने जनमानस को महात्मा गांधी के जीवन से रूबरू कराया साथ ही देश हित में उनके दिए गए बलिदान की भी जानकारी दी। गांधी संदेश पदयात्रा में शामिल राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और उनकी धर्मपत्नी कस्तूरबा गांधी के स्वरूप को देखकर सभी लोग उत्साहित नजर आए। हाथों में लाठी लिए हुए और उनका सहारा बनी कस्तूरबा गांधी लोगों को हिंसा से बचने और सभी से प्रेम व सद्भाव रखने का संदेश दे रहे थे।

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की डेढ़ सौवीं जयंती के उपललक्ष्य में कांग्रेस हाईकमान की ओर से विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है उनमें से एक गांधी संदेश यात्रा है जो आज पूरे देश में निकाली जा रही है। इस यात्रा के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ता गांधीजी के संदेशों को जन जन तक पहुंचाने का प्रयास कर रहा है।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष अबरार हुसैन ने बताया कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150 वी जयंती को बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया है। लोग महात्मा गांधी के विचारों से रूबरू हो सकें। इसके लिए गांधी संदेश यात्रा निकाली गई। यात्रा में शामिल महात्मा गांधी और कस्तूरबा गांधी के स्वरूपों ने अहिंसा का संदेश दिया। वरिष्ठ कांग्रेसी बच्चू सिंह ने बताया कि गांधी संदेश यात्रा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ चढ़कर भाग लिया है।

Related Articles

Leave a Comment