Home » निकाय चुनाव के घमासान पर कांग्रेस प्रदेश हाई कमान ने मांगी रिपोर्ट

निकाय चुनाव के घमासान पर कांग्रेस प्रदेश हाई कमान ने मांगी रिपोर्ट

by admin

आगरा। शहर में नगर निकाय चुनाव के दौरान कांग्रेस पार्टी का जो घमासान सभी के सामने आया उसकी गूंज लखनऊ तक जा पहुंची है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने इस पूरे मामले की रिपोर्ट आगरा शहर से मांगी है। इसके लिए शहर के जिम्मेदार पदाधिकारियों को उसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है। घमासान क्यों हुआ, इसके पीछे क्या कारण था, निकाय चुनाव में किसने जिम्मेदारी से काम किया और कौन पार्टी के विरोध में कार्यकर्ता खड़ा हुआ नजर आया? यह सारी रिपोर्ट भेजने के लिए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की ओर से दिशा निर्देश आए हैं। जिसके बाद से कांग्रेस पार्टी में भी हलचल मची हुई है। इस घमासान के दौरान पार्टी के वोट बैंक को भी नुकसान हुआ है। इसके लिए कांग्रेस हाईकमान ने परंपरागत वोट को लुभाने के लिए एक कार्यकारी अध्यक्ष की भी नियुक्ति कर दी थी लेकिन इसका कुछ ज्यादा असर भी निकाय चुनाव में देखने को नहीं मिला।

मुस्लिम मतदाता कांग्रेस की बजाए अन्य पार्टियों को तबज्जो देता हुआ दिखाई दिया। जिसके बाद से यह कयास लगाए जा रहे हैं कि मुस्लिम अध्यक्ष होने के बावजूद भी पार्टी को कोई फायदा नहीं हुआ है। पार्टी हाईकमान को आगरा के निकाय चुनाव के परिणाम का इंतजार है और उसी के बाद तय होगा कि अब पार्टी की बागडोर किसे सौंपी जाए। सूत्रों की माने तो पार्टी हाईकमान शहर की बागडोर के लिए मुस्लिम की बजाय किसी और समाज पर दांव लगाने को तैयार है। जिसके लिए अभी से नाम भी पहुंचने लगे हैं।

सूत्रों की माने तो राहुल गांधी को जैसे ही कांग्रेस की बागडोर और जिम्मेदारी सौंप दी जाएगी उसी के बाद से इस संगठन में फेरबदल होना शुरू हो जाएगा। इस फेरबदल की सूची में आगरा भी शामिल हो गया है। संगठन को फिर से मजबूत करने के लिए प्रदेश हाईकमान ने नए लोगों को जिम्मेदारी सौंपने का मन बना लिया है।

Related Articles

Leave a Comment