देश की दिग्गज फ्लिपकार्ट समूह की ई-कॉमर्स कंपनी Myntra ने अपना लोगो (logo) बदलने का फैसला किया है। दरअसल मुंबई की एक वोमेन एक्टिविस्ट ने साइबर पुलिस में इसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी और आरोप लगाया था कि लोगो महिलाओं के प्रति अपमानजनक और अशोभनीय है। इसके बाद कंपनी ने महिलाओं के सम्मान को ध्यान में रखते हुए लोगो को बदलने का निर्णय लिया है।
यह महिला एक्टिविस्ट मुंबई के एनजीओ अवेस्ता फाउंडेशन से जुड़ी हुईं हैं। इनका नाम महिला एक्टिविस्ट नाज पटेल है, जिन्होंने दिसंबर 2020 में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। पटेल ने लोगो को महिलाओं के लिए अपमानजनक बताते हुए कंपनी के खिलाफ कार्रवाई करने और लोगो हटवाने की मांग की है। पटेल ने सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर इस मुद्दे को उठाया जिससे लोगों का भी ध्यान इस मुद्दे की तरफ गया। कंपनी ने पुलिस से शिकायत दर्ज होने के एक महीने बाद लोगो बदलने के लिए समय मांगा था। मुंबई पुलिस के साइबर क्राइम डिपार्टमेंट की डीसीपी रश्मि करंदीकर का कहना है कि “हमने पाया कि लोगो नेचर से महिलाओं के लिए अपमानजनक था। शिकायत के बाद हमने Myntra को एक ईमेल भेजा जिसके बाद उनके अधिकारी आकर हमसे मिले। फिलहाल अधिकारियों ने कहा कि वे एक महीने में लोगो को बदल देंगे।” फिलहाल कंपनी ने कहा कि उसकी वेबसाइट, ऐप और पैकेजिंग सामग्री सभी स्थानों पर लोगो को बदला जा रहा है।
वहीं अवेस्ता फाउंडेशन ने एक ट्वीट में कहा, “हमारी संस्थापक को बधाई। उन्होंने ऐसा काम किया, जो स्पष्ट रूप से असंभव लग रहा था। आपके समर्थन के लिये धन्यवाद। हम प्रतिक्रिया से अभिभूत हैं। लाखों महिलाओं की चिंताओं को दूर करने और भावनाओं का सम्मान करने के लिये मिंत्रा को सलाम।”