Home » भाजपा सांसद के आह्वान पर शहर की मदद करने आए किसान, पूरा शहर होगा सेनेटाइज़

भाजपा सांसद के आह्वान पर शहर की मदद करने आए किसान, पूरा शहर होगा सेनेटाइज़

by admin

आगरा। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस से लोगों को बचाने के लिए आगरा शहरी लोकसभा सीट के सांसद प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल ने एक बड़ा बीड़ा उठाया है। दरअसल आगरा में अब तक 92 केस कोरोना पॉजिटिव पाए गए है। जिसको लेकर नगर निगम और जिला प्रशासन के माथे पर चिंता की लकीरें हैं तो वहीं ताजनगरी वासी दहशत और डर के साये में जी रहे हैं। लोगों को सैनिटाइज करने के साथ इलाकों को भी सेनेटाइज करने के लिए आगरा शहरी लोकसभा सीट के सांसद प्रो एसपी सिंह बघेल ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी हैं।

एसपी सिंह बघेल ने देहात इलाकों से तकरीबन 64 ट्रैक्टर मंगवाए हैं। इन ट्रैक्टरों के पीछे 500 और 1000 लीटर की पानी की टंकी और इस पानी की टंकी में सोडियम हाइपोक्लोराइट केमिकल डालकर आगरा शहर के सभी इलाकों और हॉटस्पॉट को सैनिटाइज किया जा रहा है। सांसद एसपी सिंह बघेल का दावा है कि इस कार्य में प्रदेश और केंद्र सरकार का एक रुपया भी खर्च नहीं होगा। ग्रामीण अंचलों के किसानों की मदद से पूरे शहर को सैनिटाइज किया जा रहा है। किसान अपना ट्रैक्टर अपना डीजल अपना पानी, अपना खाना और अपना सोडियम हाइपोक्लोराइट लेकर लोगों की मदद के लिए सड़कों पर उतरे हैं।

सांसद एसपी सिंह बघेल ने आगरा शहर को सैनिटाइज करने के लिए 50 ट्रेक्टरों को आमंत्रित किया था। मगर किसानों में जोश और जज्बा ऐसा था कि तकरीबन 64 ट्रेक्टर सांसद एसपी सिंह बघेल के घर पर पहुंचे। जहां सांसद एसपी सिंह बघेल ने ट्रैक्टर के पीछे लगी 500-1000 लीटर की पानी की टंकी में पानी भरवाया और उसमें सोडियम हाइपोक्लोराइट कैमिकल मिश्रण करवाकर स्प्रे मशीन के द्वारा इलाकों में सेनेटाइज किया। इसका उद्घाटन सांसद ने ट्रेक्टर चलाकर किया। सांसद एसपी सिंह बघेल ने सबसे पहले अपने इलाके को भी सैनिटाइज किया और लोगों से अपील की है कि वह अपनी मशीन अपने यंत्रों के जरिए अपने और अपने आसपास इलाकों को सैनिटाइज कर कोरोना से लड़ने की हिम्मत जुटाए।

आगरा शहर में 100 वार्ड में प्रथम चरण में 64 ट्रैक्टरों के जरिए 64 वार्डों में सैनिटाइजिंग की व्यवस्था की गई है। सांसद एसपी सिंह बघेल द्वारा ट्रैक्टरों के जरिए सैनिटाइजिंग की व्यवस्था तब तक जारी रहेगी, जब तक आगरा शहर कोरोना मुक्त नहीं हो जाएगा। इसके लिए लगातार सांसद निवास से मॉनिटरिंग भी की जा रही है।

Related Articles