Home » ताजनगरी आये ऑस्ट्रिया के सांसद प्रतिनिधिमंडल का मेयर नवीन जैन ने किया स्वागत, ताज़-किला का किया दीदार

ताजनगरी आये ऑस्ट्रिया के सांसद प्रतिनिधिमंडल का मेयर नवीन जैन ने किया स्वागत, ताज़-किला का किया दीदार

by admin
Mayor Naveen Jain welcomed the Austrian MP delegation who came to Tajnagri, visited the Taj-Fort

आगरा। आज रविवार को ऑस्ट्रिया देश के राष्ट्रीय परिषद के अध्यक्ष सहित संसद के 17 सदस्यों का एक दल ताजनगरी पहुंचा। ताज पूर्वी गेट स्थित होटल ओबेरॉय अमरविलास पर इस प्रतिनिधिमंडल के पहुंचने पर शहर के प्रथम नागरिक एवं आगरा महापौर नवीन जैन ने सभी का बुके देकर आगरा शहर में स्वागत किया। महापौर नवीन जैन ने ऑस्ट्रिया राष्ट्रीय परिषद के अध्यक्ष वोल्फगैंग सोबोटका का स्वागत करते हुए ‘वार्म वेलकम टू आगरा’ कहा। इस दौरान कलाकारों द्वारा बृज क्षेत्र की संस्कृति की छठा बिखेरते हुए राधा कृष्ण के मोहक स्वरूपों में मोर नृत्य के माध्यम से सभी अतिथियों का स्वागत अभिनंदन किया गया। जिसे देखकर सभी अतिथि गण अभिभूत नजर आए और कलाकारों के साथ जमकर फोटो खिंचाई।

स्वागत करने के बाद महापौर नवीन जैन और ऑस्ट्रिया राष्ट्रीय परिषद के अध्यक्ष वोल्फगैंग सोबोटका के साथ परस्पर देशों की संसद, संसदीय प्रणाली, अभी हाल ही प्रदेश में हुए चुनाव, कोरोना महामारी के साथ-साथ आगरा शहर की संस्कृति, पर्यटन एवं विकास के क्षेत्रों को लेकर सार्थक चर्चा हुई। दोपहर भोज के बाद प्रतिनिधिमंडल ने ताजमहल और आगरा किला का दीदार किया।

वोल्फगैंग सोबोटका ने महापौर नवीन जैन को बताया कि उन्होंने राजनीति में पहली बार नगर परिषद कार्य क्षेत्र में कदम रखा था। वह वर्ष 2009 में पार्षद भी रह चुके हैं। उन्होंने बताया कि ऑस्ट्रिया में भी भारत की तरह दो सदन है जिसमें वे पीपल्स पार्टी की तरफ से बिलॉन्ग करते हैं। कोविड-19 हालातों पर चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि इस समय उनके यहां भारत देश की अपेक्षा प्रतिदिन सक्रिय केस की संख्या ज्यादा आ रही है जबकि उन्होंने देखा कि यहां पर कोरोना के हालात काफी हद तक ठीक हो चुके हैं।

महापौर नवीन जैन ने भी वोल्फगैंग सोबोटका को बताया कि उन्होंने भी अपने राजनैतिक कैरियर की शुरुआत पार्षद से ही की है। भारत की संसद के बारे में बताया और उनके द्वारा पूछे जाने पर भारत के 5 राज्य में सम्पन्न हुए चुनाव के बारे में जानकारी दी। वहीँ कोरोना को लेकर यह जानकारी भी दी कि किस तरह से पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे भारत में महामारी से बचने और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अभूतपूर्व काम किये गए। वोल्फगैंग सोबोटका ने आगरा का प्रसिद्ध पेठा के बारे में भी पूछा। महापौर ने उन्हें पेठे की जानकारी देने के साथ तीन फ्लेवर के पेठे का स्वाद भी चखाया।

वोल्फगैंग सोबोटका ने मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि आगरा एक वंडरफुल सिटी है। यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। वे आगरा शहर को बहुत करीब से जानते हैं। आज यहां आने के बाद उन्हें पहले के आगरा से काफी अंतर दिखाई दिया। शहर में लगभग हर क्षेत्र में काफी विकास हुआ है।

महापौर नवीन जैन ने बताया कि आगरा ऐतिहासिक होने के साथ-साथ तेजी से बदलता हुआ शहर है। इसलिए देश-विदेश से अतिथियों का यहां आना-जाना रहता है। इसी क्रम में ऑस्ट्रिया के सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल यहां आया है। हमने उनका स्वागत किया। यह जानकर खुशी हुई कि उन्हें आगरा शहर पसंद आया।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल को गाइड करने के लिए नितिन सिंह, आगरा स्मार्ट सिटी के जीएम आनंद मैनन, के. पी. सिंह नगर मजिस्ट्रेट, सचिन सिंह प्रोटोकॉल प्रभारी, सपन सिंह आदि मौजूद रहे।

Related Articles