Home » महापौर नवीन जैन ने किए 21 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास

महापौर नवीन जैन ने किए 21 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास

by admin

आगरा। वर्ष 2020 में बुधवार को आगरा नगर निगम ने एक बार फिर से इतिहास रच दिया। आगरा शहर में 60 से भी अधिक वार्डों में 155 विकास कार्यों का शिलान्यास एक ही छत के नीचे हुआ। आगामी दिनों में आगरा नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों और क्षेत्र में में कराए जाने वाले निर्माण कार्य से संबंधित शिलान्यास कार्यक्रम का आयोजन नगर निगम परिसर में किया गया। महापौर नवीन जैन ने रिमोट से बटन दबाकर लगभग 21 करोड़ की लागत से किए जाने वाले विकास कार्यों का एकसाथ शिलान्यास किया। शिलान्यास का पर्दा खुलते ही पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजने लगा।

शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान नगर निगम परिसर में नगर निगम अधिकारियों कर्मचारियों पार्षदों और ठेकेदारों के अलावा उन क्षेत्रों के भी लोगों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली जहां पर बुधवार के हुए शिलान्यास के अंतर्गत विकास कार्य किए जाएंगे। इतनी बड़ी लागत से विकास कार्य कराए जाने से उत्साहित नगर निगम के समस्त पार्षदों, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के अलावा शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों में महापौर नवीन जैन का जोरदार स्वागत सत्कार किया।

महापौर नवीन जैन ने बताया कि वर्ष 2020 में नगर निगम के इतिहास में पहली बार इतनी बड़ी लागत में विकास कार्यों का शिलान्यास एक साथ हुआ है। हम आगरा शहर को नवीन आगरा बनाने की ओर अग्रसर हैं, इसलिए हमने एक साथ 4 ज़ोन में होने वाले विकास कार्यों का शिलान्यास करने का फैसला किया। क्योंकि यदि हम क्षेत्रों में शिलान्यास करने जाते तो हमें काफी समय लगता है और विकास कार्य कराने में भी देरी होती। महापौर ने बताया कि आगरा नगर निगम क्षेत्र के चार जोन में 62 वार्डों में 21 करोड़ की लागत से लगभग 155 विकास कार्य कराए जाएंगे। हरी पर्वत जोन में एक करोड़ 13 लाख के कार्य, ताजगंज जोन में तीन करोड़ 68 लाख के कार्य, लोहामंडी जोन में 7 करोड़ 32 लाख 86 हज़ार और छत्ता जोन में लगभग 9 करोड़ की धनराशि से विकास कार्य कराए जाएंगे।

इसके अलावा महापौर नवीन जैन ने स्वच्छता पर बात रखते हुए शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाए जाने की दिशा में नगर निगम द्वारा किए जा रहे प्रयासों और उपलब्धियों को सबके सामने रखा। महापौर ने कहा कि बिना जनसहयोग से शहर को स्वच्छ व सुंदर नहीं बनाया जा सकता है, इसलिए उन्होंने अपील की कि प्रत्येक शहरवासी यदि संकल्प के साथ अपने घर और आस-पास के क्षेत्र को साफ सुथरा रखें तो पूरा शहर नवीन आगरा बन जाएगा।

वहीं नगर आयुक्त अरुण प्रकाश ने कहा कि महापौर नवीन जैन के रूप में हमें ऐसे विकास पुरूष मिले हैं जो निरंतर शहर के विकास के लिए काम करते रहते हैं। महापौर जी यह देखते हैं कि शहर में किन किन क्षेत्रों में निर्माण कार्य कराने की बहुत आवश्यकता है। सभी भेदभाव से ऊपर उठकर सबका साथ सबका विकास की नीति पर चलते हुए महापौर नवीन जैन लगातार पूरे शहर के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं और समय-समय पर हमें और नगर निगम के समस्त अधिकारियों को दिशा-निर्देश भी देते रहते हैं।

शिलान्यास के मौके पर अपर नगर आयुक्त के बी सिंह, मुख्य अभियंता निर्माण बी एल गुप्ता, मुख्य अभियंता (विद्युत यांत्रिक) संजय कटियार, पार्षद दल के उप नेता मोहन सिंह लोधी, पार्षद दल सचेतक प्रकाश केसवानी, बसपा दल के नेता मनोज सोनी, वरिष्ठ पार्षद रवि माथुर आदि मंचासीन रहे।

Related Articles