Home » स्मार्ट सिटी के कार्यों का आगरा महापौर ने किया निरीक्षण

स्मार्ट सिटी के कार्यों का आगरा महापौर ने किया निरीक्षण

by pawan sharma

प्रकाशनार्थ।आगरा। शुक्रवार को महापौर नवीन जैन ने निगम अधिकारियों और पीएमसी (प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेट) की टीम के साथ ताजगंज क्षेत्र में स्मार्ट सिटी के तहत लगभग 105 करोड़ रुपये की लागत से हो रहे कार्यों का निरीक्षण किया। सबसे पहले महापौर नवीन जैन ने सर्किट हाउस के किनारे बन रहे यूटीलिटी नालों के निर्माण कार्य को देखा। सर्पाकार स्थिति में बन रहे नालों के निर्माण को देखकर महापौर नवीन जैन अधिकारियों पर नाराज हुए। उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि यह नाले की किस तरीके से डिजाइन बनाई जा रही है। दीवार के सहारे सीधी लाइन से भी नाला बनाया जा सकता था। अधिकारियों और इंजीनियरों ने महापौर को सफाई देने का प्रयास किया लेकिन महापौर नहीं माने और अधिकारियों को निर्देश दिया कि नाले को इस तरह डिजाइन किया जाए कि आम जनता को नाला टेढ़ा मेढ़ा या सर्पाकार नहीं दिखना चाहिए। वहीं अधिकारियों ने महापौर को आश्वस्त किया कि नाला निर्माण पूर्ण हो जाने के बाद उन्हें टेढ़ा मेढ़ा नहीं दिखेगा।

सर्किट हाउस से होते हुए महापौर नवीन जैन पूरी टीम के साथ फतेहाबाद रोड पहुंचे और वहां भी बन रहे यूटिलिटी नाला निर्माण कार्य को देखा। महापौर नवीन जैन ने अधिकारियों से साफ कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसलिए पूर्ण गुणवत्ता के साथ यह सभी काम कराए जाएं।

फतेहाबाद रोड से आगे जाते हुए जब महापौर नवीन जैन तिराहे पर पहुंचे तो उन्होंने महाराजा अग्रसेन चौक की किनारों पर बाउंड्री वॉल और ग्रिल टूटी हुई देखी। महापौर ने देखा कि टूट-फूट के कारण अग्रसेन चौक की खूबसूरती पर दाग लग रहा था। उन्होंने तुरंत मौके पर मौजूद अधिकारियों को अग्रसेन चौक के चारों ओर बाउंड्री वाल और ग्रिल लगाने के निर्देश दिए।

इसके आगे चलते हुए मुगल होटल से पहले महापौर नवीन जैन ने ऑटोमेटिक स्मार्ट टॉयलेट का निरीक्षण भी किया और उन्होंने देखा कि किस तरह से कॉइन का इस्तेमाल कर आप स्मार्ट टॉयलेट को यूज कर सकते हैं। बिजली, पानी, साबुन इत्यादि के वहां पर समुचित इंतजाम देखें लेकिन हाथ धोने के बाद हाथ पोंछने और साफ करने के लिए वहां कोई सामान नहीं दिखा। महापौर नवीन जैन ने अधिकारियों से कहा कि अब स्मार्ट लोग स्मार्ट टॉयलेट का यूज करेंगे तो उन्हें स्मार्ट फैसिलिटी भी देनी होगी। इसका ध्यान रखते हुए सभी सामान उपलब्ध कराया जाए ताकि पब्लिक को कोई परेशानी ना हो।

निरीक्षण के अंत में महापौर नवीन जैन ताजगंज स्थित नगर निगम इंटर कॉलेज पहुंचे। जहां पर स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के अंतर्गत लगभग 1.25 करोड़ की लागत से नगर निगम इंटर कॉलेज का जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। महापौर नवीन जैन ने वहां चल रहे काम को देखा। अधिकारियों ने महापौर नवीन जैन को बताया कि यह नगर निगम इंटर कॉलेज आगरा शहर का स्मार्ट इंटर कॉलेज बनने जा रहा है। जिसमें सभी आधुनिक और डिजिटल उपकरण के साथ स्मार्ट क्लास का स्वरूप तैयार किया जा रहा है।

बच्चों के पीने के लिए शुद्ध जल का आरओ प्लांट लगाया गया है। चारों तरफ हरियाली विकसित करने के साथ शारीरिक विकास के लिए एक बेहतर खेल मैदान तैयार किया गया है। इसके अलावा स्कूल की सभी दीवारों को आकर्षक रंगों से सजाने के साथ साथ महापुरुषों के चित्र भी बनाए गए हैं जो बच्चों को शिक्षा लेने के लिए प्रेरित करेंगे।

निरीक्षण के मौके पर अपर नगर आयुक्त विनोद कुमार गुप्ता, स्मार्ट सिटी नोडल प्रभारी आर. के. सिंह के साथ पीएमसी की टीम मौजूद रही।

Related Articles

Leave a Comment