Home » युवती पर चाकू से किया ताबड़तोड़ हमला, ख़ुद को भी चाकू से गोदा

युवती पर चाकू से किया ताबड़तोड़ हमला, ख़ुद को भी चाकू से गोदा

by pawan sharma

आगरा। सिकंदरा थाना क्षेत्र के कृष्णा कॉलोनी में उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक ने घर मे घुसकर एक युवती पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। युवती के चिल्लाने पर घर की छत पर मौजूद माँ नीचे दौड़कर आई तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गयी। बेटी लहूलुहान फर्श पर पड़ी हुई थी और युवक उस पर हमला कर रहा था।

घर के अंदर से महिला की चीखपुकार सुनकर क्षेत्रीय लोग एकत्रित हो गए और आरोपी युवक को घेर लिया। इस बीच युवक ने भी अपने आप को चाकुओं से घायल कर लिया। इस घटना की जानकारी क्षेत्रीय लोगों ने तुरंत पुलिस को दी। जानलेवा हमले की जानकारी होते ही क्षेत्रीय पुलिस के साथ पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुँच गए। घायल युवती को लोगों ने तुरंत नयति हॉस्पिटल में भर्ती कराया तो घायल युवक को प्रभा हॉस्पिटल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया जहाँ दोनो का इलाज चल रहा है लेकिन स्थिति नाजुक बनी हुई है। इस घटना की सूचना पर पुलीस अधिकारी हॉस्पिटल पहुँचे और आरोपी युवक व घायल युवती की स्थिति की जानकारी ली तो वहीं घटना स्थल पहुँची फोरेंसिक टीम ने जांच के लिए सबूत जुटाना शुरू कर दिया।

इस घटना के प्रत्यक्षदर्शी का कहना था कि कुछ देर पहले ही लड़की के घर पर तीन युवक खड़े हुए थे। लड़की ने ही दरवाजा खोला था और उन्हीं में से एक युवक ने तेजधार चाकू से लड़की के पेट में कई वार कर दिए जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसके बाद अपने आप को भी चाकू मार लिए। इस घटना के बाद युवक के साथ आए दो और युवक मौके से फरार हो गए।

इस मामले में घर के परिजन कुछ भी बोलना नहीं चाहते लेकिन सूत्रों की मानें तो लड़की की कुछ महीने पहले ही शादी हुई है। पुलिस इस मामले में अभी भी कुछ भी कहने को तैयार नहीं है। पुलिस का कहना है कि दोनों की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है जब तक दोनों में से किसी से भी बात नहीं हो जाती किसी भी नतीजे पर पहुंचना मुश्किल है। फिलहाल दोनों का इलाज अलग-अलग निजी हॉस्पिटल में चल रहा है।

Related Articles

Leave a Comment