Home आगरा इस मामले में कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय को वीडियो जारी कर देनी पड़ी सफ़ाई

इस मामले में कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय को वीडियो जारी कर देनी पड़ी सफ़ाई

by admin

Agra. सोशल मीडिया पर तेजी के साथ खबर वायरल हो रही है कि कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने शाहजहां पार्क का नाम बदलने का प्रस्ताव जिला प्रशासन को दिया है और उसका नाम गीता गोविन्द वाटिका के नाम पर रखने की सिफारिश की है। इस सम्बंध में खुद कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने वीडियो जारी कर सफाई दी है। वीडियो में उन्होंने कहा है कि उन्होंने शाहजहां पार्क का नाम बदलने का कोई प्रस्ताव नहीं दिया है।

आपको बताते चलें कि सोमवार को कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय आगरा में थे और उन्होंने सर्किट हाउस में जनसुनवाई की थी। इसी जनसुनवाई के दौरान उन्होंने जिला प्रशासन को ताज नगरी स्थित उन्नीस एकड़ के जोनल पार्क को ब्रजक्षेत्र की सांस्कृतिक चेतना को विदेशों तक पहुंचाने हेतु और देश-विदेश के पर्यटकों के लिए एक सांस्कृतिक पर्यटन क्षेत्र बनाकर गीता गोविंद वाटिका के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव देते हुए इसकी योजना हेतु निर्देशित किया था।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि जोनल पार्क बहुत बड़ा है। इसलिए उसे वृहद क्षेत्र के रूप में विकसित करने की बात कही है जिसमें प्रभु श्रीकृष्ण युगीन पेड़ पौधे वनस्पतियों रोपित किए जाने, डेढ़ एकड़ के भूखंड पर वृंदावन की तर्ज पर वृंदा (तुलसी) की सभी प्रजातियों के पौधे लगाए जाने का सुझाव देते हुए कहा कि इससे जहां एक ओर वृंदावन की छठा प्रदर्शित होगी, वहीं पर्यावरण को लाभ मिलेगा। उसी जोनल पार्क में डेढ़ – दो एकड़ में मुक्त आकाशीय मंच निर्मित कर रात्रि में कृष्ण लीलाओं का मंचन, कृष्ण लीलाओं के चित्र और मूर्तियां तथा गीता के उपदेशों के चित्र अधिष्ठापित कर उसे विकसित किए जाने का प्रस्ताव लिया। इससे भारत की ब्रज क्षेत्र की सांस्कृतिक चेतना के साथ-साथ आगरा का पर्यटन उद्योग भी सशक्त होगा।

कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने इस दृष्टि से प्रशासनिक अधिकारियों को सुझाव दिया। यहां उल्लेखनीय है कि मुगल काल में जो स्थान शाहजहां पार्क के नाम से जाना जाता था। उसे अंग्रेजों के शासन में विक्टोरिया गार्डन कहा जाने लगा। भारत के स्वतंत्र होने के पश्चात वर्तमान में उसे मोतीलाल नेहरू पार्क के नाम से कहा जाने लगा है। यद्यपि बोलचाल में आज भी लोग शाहजहां गार्डन कहते हैं। इसलिए इस खबर को शाहजहां गार्डन के नाम बदले जाने से न जोड़ें।

Related Articles

Leave a Comment

%d bloggers like this: