Home » नहर फटने से जलमग्न हुई सैकड़ों बीघा आलू-गेंहू की फ़सल, किसानों में आक्रोश

नहर फटने से जलमग्न हुई सैकड़ों बीघा आलू-गेंहू की फ़सल, किसानों में आक्रोश

by admin

आगरा। पिनाहट के ग्राम पंचायत रजौरा के उपग्राम जोर के पास चंबल नहर के फ़ट जाने से खेतों में पानी भर गया। खेतों में पानी घुस जाने से किसानों की सैकड़ों बीघा आलू और गेहूं की फसल जलमग्न हो गई है। इस दृश्य को देखकर किसानों का आक्रोश फूट पड़ा। घटना की जानकारी नहर विभाग को दी गयी लेकिन कोई सुनवाई नही हुई। किसानों ने नहर विभाग के कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया और कार्यवाही की मांग की है।

आक्रोशित किसानों का कहना है कि कई बार शिकायत के बाद भी नहर को पूरी तरह ठीक नहीं किया गया, जिसके कारण एक बार फिर चंबल नहर फट गई। कुछ दिनों पूर्व भी इसी जगह से चंबल नहर फट गई थी। ग्रामीणों ने खुद ही नहर के माइनर को बंद किया था और माइनर के पानी को मिट्टी डालकर रोका था। नहर ठीक कराने के लिए ग्रामीणों ने नहर विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इसकी जानकारी दी मगर कोई मौके पर नहीं पहुंचा।

ग्रामीणों द्वारा इसकी शिकायत प्रशासन के उच्चाधिकारियों से की गई। उसके बाद नहर विभाग के कुछ कर्मचारी आए और मिट्टी की बोरियां रखकर चले गए। नहर विभाग के कर्मचारियों ने उसे पूरी तरह से ठीक नहीं किया था जिसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार तीन माह में तीन बार नहर टूटने से किसानों की आलू और गेहूं की सैकड़ों बीघा फसल नहर के पानी से जलमग्न होकर खराब हो गई है। किसानों ने फसल में नुकसान की आशंका जताते हुए मुआवजे की मांग की है।

किसानों का कहना है कि एक तरफ तो आवारा पशुओं का आतंक है। आवारा पशुओं से किसान अपनी फसल को बचा रहे हैं तो दूसरी ओर नहर विभाग के जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंद हुए है जिसके कारण उसका खामियाजा किसान भुगत रहे हैं।

Related Articles