Home » प्रियंका रेड्डी की नृशंस हत्या के विरोध में हिन्दू जागरण मंच ने किया प्रदर्शन

प्रियंका रेड्डी की नृशंस हत्या के विरोध में हिन्दू जागरण मंच ने किया प्रदर्शन

by admin

आगरा। हैदराबाद में पशु चिकित्सक डॉ प्रियंका रेड्डी की सामूहिक दुष्कर्म के बाद हुई नृशंस हत्या के विरोध में हिंदू जागरण मंच ने भी मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता भारी संख्या में जिला मुख्यालय पहुंचे और इस घटना के विरोध में जमकर प्रदर्शन किया। आक्रोशित हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने तेलंगना सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया और नारेबाजी करते हुए प्रियंका रेड्डी मामले में सीबीआई की जांच की मांग की, साथ ही हत्यारों को फांसी दी जाए इसके लिए राष्ट्रपति महोदय के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा।

आपको बताते चलें कि बुधवार रात को पशु चिकित्सक डॉ प्रियंका रेड्डी के साथ कुछ लोगों ने हैवानियत दिखाई और अपने इस अपराध को छिपाने के लिए उसकी नृशंस हत्या कर दी थी। इस मामले के बाद से ही हैदराबाद में आधी आबादी की सुरक्षा को लेकर और डॉक्टर प्रियंका रेडी को इंसाफ दिलाने के लिए प्रदर्शन हो रहे हैं। आगरा में भी हिंदू जागरण मंच ने प्रियंका रेड्डी को इंसाफ दिलाए जाने और हत्यारों को फांसी की सजा दिलाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों का कहना था कि प्रियंका रेड्डी के साथ जो भी कुछ हुआ वो एक सुनियोजित तरीके से प्लान किया गया था। हत्यारो ने पहले उनके गाड़ी पंचर की और फिर उन्हें अकेला पाकर सामूहिक दुष्कर्म कर उनकी हत्या की गई। हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने इसके लिए विशेष समाज को जिम्मेदार ठहराया है।

उन्होंने मीडिया के सामने साफ कहा कि विशेष समाज के लोग हिन्दू समाज की बेटियों को अपना शिकार बना रहे है। अगर सरकार ने इस मामले में उचित कदम नही उठाया तो हिन्दू जागरण मंच इसके खिलाफ आंदोलन चलाने के लिए बाध्य होगा।

Related Articles