Home » आगरावासियों के लिए खुशखबरी, प्रदेश की स्वच्छ वार्ड प्रतियोगिता में यह वार्ड बना नंबर वन

आगरावासियों के लिए खुशखबरी, प्रदेश की स्वच्छ वार्ड प्रतियोगिता में यह वार्ड बना नंबर वन

by pawan sharma

आगरा। सोमवार की सुबह आगरा शहर के वाशिंदों के लिए बड़ी खुशखबरी लेकर आई। शहर का वार्ड 44 यानि कटरा फुलैल प्रदेश की स्वच्छ वार्ड प्रतियोगिता में पहले स्थान पर रहा है। इतना ही नहीं प्रदेश की नगर पालिक स्वच्छ वार्ड प्रतियोगिता में भी आगरा को ही पहला स्थान प्राप्त हुआ है। यहां के प्रेम भवन वार्ड आठ, स्वामी बाग और राधा नगर वार्ड 7 दयालबाग प्रतिस्पर्धा में अव्वल आए हैं।

25 दिसंबर को सुबह दस बजे गोमती नगर, लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगरा नगर निगम के नगरायुक्त अरुण प्रकाश और वार्ड 44 की पार्षद राधिका अग्रवाल को सम्मानित करेंगे। इसके साथ ही स्वच्छ वार्ड प्रोत्साहन समितियों, स्थानीय निकायों एवं अन्य को पुरस्कृत किया जाएगा।

बताते चलें कि 15 नवंबर से 15 दिसंबर के बीच स्वच्छ वार्ड प्रतिस्पर्धा 2018 का आयोजन किया गया था जिसमें प्रदेश के नगर निगम, नगर पालिका पंचायत और नगर पालिका के सभी वार्डों ने भाग लिया था। प्रतिस्पर्धा का समय बीत जाने के बाद प्रदेश के सभी जिलों में सर्वे टीम ने निरीक्षण किया जिसमें आगरा शहर के वार्ड 44 को हर स्तर पर सबसे आगे पाया गया। इतना ही नहीं जानकारी के अनुसार सर्वे टीम द्वारा दिये गए स्वच्छता अंक अन्य वार्ड के अंक से कहीं ज्यादा हैं।

प्रदेश स्तरीय नगर निगम स्वच्छ वार्ड प्रतियोगिता में गाजियाबाद का संजय नगर दूसरे, लखनऊ का राजीव गांधी द्वितीय तीसरे, झांसी और गोरखपुर के सिविल लाइन वार्ड चौथे और प्रयागराज का अशोक नगर एवं मथुरा का बिहारी पुरा पांचवे स्थान पर रहा।

प्रतिस्पर्धा में आगरा के नगर निगम और दयालबाग नगर पंचायत को स्वच्छता की रैंकिंग में पहला स्थान प्राप्त हुआ है। वहीं स्वच्छ नगर पालिका पंचायत प्रतिस्पर्धा में एटा तीसरे स्थान पर रहा।

Related Articles

Leave a Comment