Home » वृंदावन में माघ पूर्णिमा को हुआ पहला शाही स्नान, धूमधाम से निकाली गई पेशवाई यात्रा

वृंदावन में माघ पूर्णिमा को हुआ पहला शाही स्नान, धूमधाम से निकाली गई पेशवाई यात्रा

by admin

Mathura. वृंदावन में आयोजित वैष्णव बैठक कुंभ मेले का पहला शाही स्नान शनिवार को हुआ। पहले शाही स्नान को लेकर साधु संतों के साथ-साथ श्रद्धालुओं का जनसैलाब भी सड़कों पर उमड़ पड़ा। यमुना नदी के किनारे आयोजित कुंभ मेले के पहले शाही स्नान के अवसर पर साधु-संतों की शाही पेशवाई यात्रा निकाली गई। इस दौरान अध्यात्म व संस्कृति का अभूतपूर्व समावेश देखने को मिला। शाही पेशवाई में निकले साधु संतों महंतों के स्वागत के लिए श्रद्धालुओं का हुजूम सड़कों पर उमड़ पड़ा। भक्तों ने साधु संतों पर पुष्प वर्षा कर उनकी आरती भी उतारी।

संतो की शाही पेशवाई शनिवार सुबह करीब 9:00 बजे शुरू हुई जो नगर भ्रमण करते हुए यमुना के तट पर बने साहिब घाट पहुंची। इस शाही पेशवाई नगर भ्रमण यात्रा में साधु और संतों की टोलियों के साथ-साथ श्रद्धालुओं व शहर वासियों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया।

इस यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन ने भी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर रखी थी। जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया था जिससे किसी भी तरह की अप्रिय घटना ना हो।

पहले शाही स्नान को लेकर श्रद्धालुओं की काफी उत्साहित नजर आए। लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहले शाही स्नान के लिए यमुना तट पर पहुंचे, जहां सभी ने यमुना नदी में आस्था की डुबकी लगाई और विधि विधान से पूजा अर्चना भी की।

पंच निर्मोही अनी अखाड़ा के अध्यक्ष महंत राजेंद्र दास महाराज ने बताया कि शाही सवारी में तीनों अनी अखाड़े के संत-महात्मा समेत अन्य अखाड़े, खालसा एवं संप्रदायों के आचार्य, महंत, श्रीमहंत एवं महामंडलेश्वर समेत अखाड़ों के नागा साधु शामिल हुए हैं।

Related Articles