Home » आगरा में पहली बार होगी ऑल इंडिया मेयर कॉउन्सिल की बैठक

आगरा में पहली बार होगी ऑल इंडिया मेयर कॉउन्सिल की बैठक

by admin

आगरा। होटल हॉलिडे इन, हरीपर्वत में 27 व 28 जुलाई 2019 को ऑल इंडिया मेयर काउंसिल की बैठक होने जा रही है जिसमें देश भर के महापौरों को आमंत्रित किया गया है। बता दें कि इससे पहले आगरा शहर में ऑल इंडिया मेयर काउंसिल की बैठक कभी नहीं हुई और इस बार राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली इस बैठक के आयोजन का सौभाग्य महापौर नवीन जैन को मिला है। दो दिवसीय बैठक में पूरे देश भर से मेयर आएंगे। देश के सभी राज्यों में लगभग 218 नगर निगम में 215 महापौर के पद है और वर्तमान में 144 महापौर निर्वाचित हैं। इस बैठक में भाग लेने के लिए अभी तक हमें लगभग 90 महापौरों की स्वीकृति मिल चुकी है। यह जानकारी महापौर नवीन जैन ने दी।

महापौर नवीन जैन ने बताया कि ऑल इंडिया मेयर काउंसिल की इस बैठक में देश के समस्त महापौर एकत्रित होकर इन मुख्य विषयों पर चर्चा करेंगे –

1 – नगरीय सेवाओं को और बेहतर कैसे बनाया जाए
2 – स्वच्छता सर्वेक्षण अभियान को और मजबूत बनाने व जनसहभागिता को जोड़ने पर चिंतन
3 – गिरते भूजल स्तर व पेयजल समस्या के निदान हेतु उपायों पर चिंतन
4 – जिन प्रांतों में 74वां संशोधन लागू नहीं है उस पर विचार करना
5 – पूरे देश में एक जैसी निकाय व्यवस्था बनाने पर चर्चा करना। मसलन केंद्र शासित प्रदेश, कर्नाटक व जम्मू के महापौर का कार्यकाल एक वर्ष का है, गुजरात में ढ़ाई साल का है और कई राज्यों में 5 साल का है। कहीं पर जनता महापौर को चुनती है तो कहीं पार्षद चुनते हैं। इस विसंगतियों को दूर करने हेतु चिंतन
6 – महापौर के अधिकारों की वृद्धि पर विचार करना
7 – महापौर परिषद के अध्यक्ष सहित एक वरिष्ठ उपाध्यक्ष, 4 ज़ोन उपाध्यक्ष, महासचिव, कोषाध्यक्ष व कार्यकारिणी के सदस्यों का निर्वाचन
8 – वित्त आयोग के प्रतिवेदन की रूपरेखा तैयार करना
9 – महापौर परिषद का लेखा-जोखा
10 – स्मार्ट सिटी पर चर्चा

राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली महापौर परिषद की बैठक में भाग लेने के लिए केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना, उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य और जम्मू-कश्मीर के पूर्व डिप्टी सीएम कविंद्र गुप्ता के आने की स्वीकृति मिल चुकी है।

इस अधिवेशन में राष्ट्रीय महापौर परिषद की नवीन कार्यकारिणी का निर्वाचन भी सम्पन्न होगा। इस निर्वाचन में सभी महापौर अपने मत का प्रयोग कर राष्ट्रीय महापौर परिषद का अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, 4 उपाध्यक्ष, महासचिव, कोषाध्यक्ष के साथ कार्यकारिणी के सदस्यों का चुनाव करेंगे।

महापौर परिषद की दो दिवसीय बैठक के अंतर्गत पहले दिन 27 जुलाई को दो सत्र आयोजित किए जाएंगे जिसमें सुबह 10:30 बजे पहला उद्घाटन सत्र होगा। इस सत्र में सभी मुख्य अतिथियों और अतिथियों का स्वागत होगा। स्वागत भाषण के बाद महापौर परिषद की बैठक होगी।
महापौर नवीन जैन ने बताया कि उद्घाटन सत्र में देशभर के उन पूर्व महापौर का भी सम्मान किया जाएगा जो अब प्रांत अथवा केंद्र में संवैधानिक पदों पर हैं। ऐसे पूर्व महापौरों में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी, उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा और जम्मू कश्मीर के पूर्व उपमुख्यमंत्री कविंद्र गुप्ता आदि शामिल हैं।

दूसरा सत्र लंच के बाद दोपहर 3:00 बजे शुरू होगा। राज्यपाल, उप मुख्यमंत्री, नगर विकास मंत्री और केंद्रीय मंत्रियों का उद्बोधन रहेगा। देशभर के महापौर की बैठक होगी जिसमें विभिन्न विषयों पर चिंतन के बाद महापौर परिषद पदाधिकारियों का निर्वाचन होगा।

शाम 6:45 पर सभी महापौर को ब्रज क्षेत्र की संस्कृति और ताजमहल के इतिहास से रूबरू कराने के लिए कलाकृति में होने वाले कार्यक्रम में ले जाया जाएगा।

अगले दिन 28 जुलाई को सुबह 8:00 बजे सभी महापौरों को ताजमहल भ्रमण पर ले जाया जाएगा। उसके बाद समापन सत्र के माध्यम से राष्ट्रीय महापौर परिषद बैठक समाप्ति की घोषणा कर दी जाएगी।

Related Articles

Leave a Comment